अंतरराष्ट्रीय
हाफिज सईद की नजरबंदी अवधि 2 महीने और बढ़ी
By Deshwani | Publish Date: 1/8/2017 6:56:26 PMइस्लामाबाद, (हि.स.)। पाकिस्तान की पंजाब सरकार ने आतंकी सरगना हाफिज सईद को नजरबंद रखने की अवधि 2 महीने और बढ़ा दी है। इस संबंध में सोमवार को एक अधिसूचना जारी की गई। यह जानकारी मंगलवार को मीडिया रिपोर्ट से मिली।
उल्लेखनीय है कि जमात- उद- दावा के प्रमुख हाफिज को इसी साल 31 जनवरी को नजरबंद किया गया था। शुरुआत में उसे 90 दिनों के लिए नजरबंद रखने का फैसला किया गया था। फिर समय पूरा होने के बाद नजरबंद की अवधि और तीन महीने के लिए बढ़ा दी गई। हालांकि 27 जुलाई को यह अवधि भी खत्म हो गई, मगर हाफिज को रिहा नहीं किया गया। अब उसे दो और महीने तक नजरबंद रखा जाएगा।
समाचार पत्र ‘डॉन’ के अनुसार, अधिसूचना में बताया गया है कि सरकार के आतंकवाद निरोधक विभाग ने हाफिज की रिहाई से जुड़े जोखिमों के मद्देनजर यह फैसला लिया है। हाफिज और उसके संगठन से जुड़े बाकी लोगों की रिहाई के बाद जमात-उद- दावा के कार्यकर्ताओं ने पूरे पाकिस्तान में अव्यवस्था और अराजकता फैलाने की योजना बनाई थी। इन योजनाओं को ध्यान में रखते हुए विभाग ने एहतियातन हाफिज को नजरबंद रखने की अवधि बढ़ा दी है।