अंतरराष्ट्रीय
अमेरिका में ट्रांसजेंडर समुदाय के समर्थन में उतरीं दिग्गज कंपनियां
By Deshwani | Publish Date: 28/7/2017 11:31:57 AMवाशिंगटन, (हि.स.)। ट्रंप के फैसले के खिलाफ अमेरिका की दिगगज कंपनियां ट्रांसजेंडर समुदाय के समर्थन में उतर आई हैं जिनमें गूगल औ एप्पल भी शामिल हैं। यह जानकारी मीडिया रिपोर्ट से मिली।
समाचार एजेंसी रॉयटर के अनुसार, ट्रांसजेंडर समुदाय के समर्थन में ट्विटर और फेसबुक पर संदेशों की बाढ़ सी आ गई है। गूगल के भारतीय मूल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सुंदर पिचाई ने कहा, “ हम उन सभी लोगों के साथ हैं जो काम कर रहे हैं। ऐसे लोगों के साथ होने वाले भेदभाव का विरोध किया जाना चाहिए।”
इतना ही नहीं एप्पल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी टिम कुक ने ट्रांसजेंडर समुदाय के प्रति समर्थन का इजहार किया है। उन्होंने किसी भी प्रकार से भेदभाव का विरोध किया है। फेसबुक के सीईओ मार्क जुकरबर्ग ने भी ट्रांसजेंडर समुदाय के समर्थन का एलान किया है।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ट्रांसजेंडर के अमेरिकी सेना में प्रवेश पर रोक लगाने से कार्यरत हजारों ट्रांसजेंडर सैनिक और असैनिक कर्मचारियों के भविष्य पर तलवार लटक गई है। ट्रंप की यह अप्रत्याशित सोच बुधवार प्रात: आए उनके कई ट्वीट से सामने आई थी। ट्रंप का ताजा रुख उनके चुनाव दौर के एलजीबीटी (लेस्बियन, गे, बाइसेक्सुअल, ट्रांसजेंडर) के अधिकारों के समर्थन वाले रुख के विपरीत है।