अंतरराष्ट्रीय
सुंदर पिचई अल्फाबेट बोर्ड के सदस्य बने
By Deshwani | Publish Date: 25/7/2017 3:13:12 PMवाशिंगटन, (हि.स.)। गूगल के सीईओ (मुख्य कार्यकारी अधिकारी) सुंदर पिचई को अल्फाबेट कंपनी के बोर्ड का सदस्य बनाया गया है। यह जानकारी मंगलवार को मिली।
विदित हो कि गूगल अल्फाबेट की अनुषंगी इकाई है और इसके बोर्ड का सदस्य बनाया जाना सम्मानजनक माना जाता है। अल्फाबेट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और सह-संस्थापक लैरी पेज ने कहा है कि उन्हें पिचई के साथ काम करने में खुशी महसूस हो रही है। वह उन्हें बोर्ड के सदस्य के रूप में पा कर काफी उत्साहित हैं।
उल्लेखनीय है कि सुंदर तेरह साल पहले सांता क्लारा की सेमी-कंडक्टर इकाई में एक इंजीनियर और फिर मेकेंजी एंड कंपनी में कंसल्टेंट के रूप में आए थे। लेकिन वह जैसे ही गूगल में आए सीढ़ी दर सीढ़ी चढ़ते गए। वह साल 2015 में गूगल के सीईओ बने। उनके नेतृत्व में साल 2016 में गूगल की कमाई 74.5 अरब डाॅलर से बढ़ कर 89.5 अरब डालर हो गई थी।