अंतरराष्ट्रीय
ऑस्ट्रेलिया में 65,000 साल पहले बसे थे मनुष्य
By Deshwani | Publish Date: 21/7/2017 4:49:30 PMकैनबेरा, (हि.स.)। अभी तक यह माना जा रहा था कि आधुनिक मानव की उत्पत्ति अफ्रीका में हुई थी और वहीं से वे अन्य जगहों पर गए। लेकिन एक शोध से पता चला है कि कम से कम 65,000 साल पहले मानव ऑस्ट्रेलिया में बसे थे। इस शोध के बाद मानव के उदविकास के बारे में राय बदल सकती है।
ऑस्ट्रेलिया के काकाडू में जबिलुका खनन पट्टे के अंदर बलुआ पत्थर के आश्रय के नीचे बने प्राचीन शिविर स्थल में कई वर्ष की पुरातात्विक खुदाई के बाद यह भी पता चला कि यह मानव बस्ती अपने समय में कुशल उपकरण निर्माता थी।
रिपोर्ट के अनुसार पुरातत्वविदों की एक टीम ने यह साबित किया है कि ऑस्ट्रेलिया के मूल निवासी कम से कम 65,000 साल पहले से ऑस्ट्रेलिया में रह रहे हैं। शोध के नतीजे पहले ही दुनिया भर के पुरातत्वविद मंडल के बीच गहरी रुचि जगा चुके हैं। अंतर्राष्ट्रीय मान्यता प्राप्त वैज्ञानिकों ने भी इसकी समीक्षा की है और इसी सप्ताह यह निष्कर्ष दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित विज्ञान पत्रिका 'नेचर' में प्राकशित हुआ है।
इन खोजों में पत्थर से निर्मित दुनिया की सबसे प्राचीन बेहद पैनी एवं धारदार कुल्हाड़ी शामिल है जो यह साबित करती है कि प्राचीन ऑस्ट्रेलियावासी अपने समय में सबसे कुशल उपकरण निर्माता थे। अगले 20,000 साल बाद भी किसी संस्कृति के पास ऐसी कुल्हाड़ी नहीं थी। अंतरराष्ट्रीय टीम के नेता यूनिवर्सिटी ऑफ क्वींसलैंड के सहायक प्रोफेसर क्रिस क्लार्कसन ने फेयरफैक्स मीडिया को बताया कि ये कुल्हाड़ी बहुत अच्छे तरीके से संरक्षित की गई थी।