अंतरराष्ट्रीय
‘चीन को भारत की अहमियत समझना चाहिए ’
By Deshwani | Publish Date: 18/7/2017 3:49:07 PMवाशिंगटन, (हि.स.)। सिक्किम के डोकलाम क्षेत्र में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच तनातनी के बीच अमेरिका के पूर्व सहायक विदेश मंत्री (दक्षिण एवं मध्य एशिया) रह चुकीं भारतीय मूल की अमेरिकी राजनयिक निशा देसाई बिस्वाल ने कहा है कि चीन को भारत का महत्व स्वीकार कर लेना चाहिए। यह जानकारी मीडिया रिपोर्ट से मिली।
उन्होंने कहा कि चीन को यह मान लेना चाहिए कि भारत एक ऐसी शक्ति है, जिसके साथ तालमेल बैठाना जरूरी है। बिस्वाल का कहना है कि बीजिंग के व्यवहार के कारण क्षेत्र के अन्य देश प्रभावित हो रहे हैं।
विदित हो कि बिस्वाल ओबामा प्रशासन के दूसरे कार्यकाल में दक्षिण एवं मध्य एशिया के लिए एक अहम हस्ती रही हैं। उन्होंने कहा कि चीन की ओर से विभिन्न सीमावर्ती बिंदुओं - समुद्र में एवं जमीन दोनों पर आक्रामक हरकतें की जा रही हैं एवं हमले के संकेत भेजे जा रहे हैं।
उन्होंने एक साक्षात्कार में कहा, ‘‘मैं चीन की भावनाएं समझती हूं और मुझे लगता है कि वह खुद को एशिया-प्रशांत क्षेत्र में एक प्रभावशाली देश के तौर पर पेश करने की कोशिश में है। मेरा मानना है कि चीन को यह बात मान लेनी चाहिए कि एशिया प्रशांत क्षेत्र में अन्य देश उसके बर्ताव और उसके एकपक्षीय व्यवहार के कारण अस्थिरता का सामना कर रहे हैं।’’ उन्होंने यकीन जताया कि दोनों देशों के नेता इस स्थिति को और अधिक बिगड़ने से रोकने में कामयाब रहेंगे।