अंतरराष्ट्रीय
रूस में 7.8 तीव्रता का भूकंप
By Deshwani | Publish Date: 18/7/2017 3:41:36 PMवॉशिंगटन, (हि.स.)। रूस के पूर्वी तट पर मंगलवार देर रात शक्तिशाली भूकंप आया जिसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 7.8 थी। इसके कारण अधिकारियों ने शुरू में प्रशांत क्षेत्र के कुछ हिस्सों में सुनामी के खतरे की चेतावनी जारी कर दी। यह जानकारी अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे ने दी।
लेकिन प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र ने कुछ देर बाद ही पूर्वानुमान जताते हुए कहा था कि प्रशांत क्षेत्र में विनाशकारी सुनामी आने की संभावना नहीं है और हवाई को कोई खतरा नहीं है। केंद्र ने बताया, ‘‘अगले कुछ घंटों में भूकंप के पास वाले तटीय क्षेत्र के समुद्री जल स्तर में उतार-चढ़ाव देखा जा सकता है।
अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे ने कहा कि यह स्थानीय समयानुसार, रात के 11:34 बजे रूस के निकोलस्की से 199 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण पूर्व में यह भूकंप आया।
भूकंप का केंद्र समुद्रतल से केवल 6 मील नीचे था इसलिए इसका भीषण प्रभाव रहा होगा, लेकिन यह किसी भी मुख्य भूभाग से काफी दूर था। यही वजह है कि अभी किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। रूसी आपदा मंत्रालय ने चेतावनी दी थी कि समुद्र में 1 से 22 फीट तक लहरें उठ सकती हैं जो निकोलस्कोये तक पहुंच सकती है।