ओटावा, (हि.स.)। नोबेल पुरुस्कार विजेता मलाला यूसुफजई ने ट्विटर पर अपनी शुरूआत कर दी है। पाकिस्तानी मानवाधिकार कार्यकर्ता मलाला ने ट्विटर के माध्यम से लोगों से लड़कियों की शिक्षा के लिए जारी उनके अभियान में सहयोग करने का आह्वान किया है।
बीबीसी के अनुसार, 19 वर्षीय मलाला अब तक की सबसे कम उम्र की नोबेल पुरुस्कार विजेता हैं। मलाला ने अपने पहले ट्वीट में बताया कि उनकी स्कूल की पढ़ाई का आज अखिरी दिन है। इस मौके को उन्होंने एक 'कड़वा और मीठा' क्षण बताया।
उन्होंने लिखा कि इस दिन उन्हें उन करोड़ों लड़कियों की याद आ रही है जिन्हें कभी भी स्कूल जाने को नहीं मिल पाएगा।
विदित हो कि मलाला केवल 11 साल की थीं जब उन्होंने पहली बार लड़कियों की शिक्षा को लेकर ब्लॉग लिखना शुरू किया था। अक्टूबर 2012 में, जब 15 साल की थीं, तब तालिबान ने उन पर ब्लॉग लिखने को लेकर जानलेवा हमला किया था| इसके बाद सारी दुनिया में उनका नाम और उनकी लड़ाई की कहानी सुर्खियां बन गयीं।
हमले में घायल मलाला को ब्रिटेन लाया गया जहां इलाज के बाद उनकी जान बच सकी और वो तब से ब्रिटेन में ही पढ़ाई कर रही थीं।
उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से लड़कियों की शिक्षा में मदद करने का आह्वान किया। साथ ही मलाला ने ये भी कहा कि आने वाले महीनों में वे दुनियाभर में अभियान चलाएंगी ।