अंतरराष्ट्रीय
यमन में हैजा से मरने वालों की संख्या 1500 के पार
By Deshwani | Publish Date: 2/7/2017 5:53:23 PM साना, (हि.स.)। विश्व स्वास्थ्य संघटन (डब्ल्यूएचओ) की एक रिपोर्ट के अनुसार यमन में हैजा का प्रकोप अपने चरम पर है। अब तक करीब 1500 लोगों की हैजा से मृत्यु हो चुकी है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, डब्ल्यूएचओ के यमन में प्रतिनिधि नेवियो जगरिया ने राजधानी साना में यूनिसेफ के साथ एक साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेस में बताया कि हैजा पूरे यमन को अपने जद में ले चुका है। यमन के 22 प्रांतों में से 21 प्रांत अभी हैजा के चपेट में है। पिछले दो माह में हैजा पीड़ितों की संख्या में दस गुना इजाफा हुआ है। यूनिसेफ की रिपोर्ट के अनुसार पीड़ितों में एक चौथाई संख्या बच्चों की है। जगरिया ने यह भी बताया कि 30 जून तक पीड़ितों की यह संख्या दो लाख छियालीस (246000) तक पहुंच गई थी। यमन में चिकित्सा की बुनियादी सेवाओं का खासा अभाव है। पर्याप्त मात्रा में अस्पताल नहीं है। स्वास्थ्य कर्मियों को छह माह से वेतन तक नहीं मिला है।
हालांकि, डब्ल्यूएचओ स्वास्थ्य कर्मियों को अस्थायी तौर पर तनख्वाह देकर चिकित्सा सेवा प्रदान कर रही है। वर्ल्ड बैंक की वित्तीय सहायता से फिलहाल 50-60 बेड पर 14 डॉक्टरों की टीम अपनी सेवाएं दे रहीं हैं। इनका लक्ष्य इसे 5000 बेड तक पहुंचाना है। विदित हो कि पिछले 27 माह से सऊदी-गठबंधन और ईरान के युद्ध का दंश झेल रहा यमन पूरी तरह बर्बाद हो गया है। यह एक मुख्य कारण है कि अशुद्ध भोजन, पानी व खुले शौच जैसे वजहों से फैलने वाला हैजा यमन में अपने पांव पसार पाया है।