अंतरराष्ट्रीय
जर्मनी में समलैंगिक विवाह को मिली कानूनी अनुमति
By Deshwani | Publish Date: 30/6/2017 4:44:38 PMबर्लिन, (हि.स.)। जर्मनी ने शुक्रवार को एक ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए समलैंगिक विवाह को मंजूरी दे दी है। जर्मन-संसद में हुए मतदान के दौरान सांसदों ने 226 के मुकाबले 393 वोट डालकर देश के सिविल कोड में एक महत्वपूर्ण परिवर्तन किया है।
जर्मनी में इसे समलैंगिक जोड़ों की वहां के रुढ़िवादियों, ईसाई मिशनरी और कथित आधुनिक समाज के उपर जीत बताया जा रहा है। यह इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि जर्मनी जैसे विकसित देश में यह मुद्दा काफी दिनो तक सदन में अटका रहा। किंतु पिछले सप्ताह चर्चा में आते ही यह एक नये कानून के रुप में सामने आया।
जर्मनी में 2001 से ही नागरिक अधिकार लागू है। जिससे विवाहित दंपत्तियों को काफी लाभ मिलता है। ग्रीन पार्टी में शामिल होने से पहले दशकों तक समलैंगिक जोड़ों के अधिकारों के लिए लड़ने वाले वोल्कर बेक ने इसे एक सुखद बदलाव बताया। उन्होंने इसे नागरिक समानता अधिकार की जीत बताया। हालांकि कुछ रुढ़िवादी इस फैसले से खासे नाराज हैं, और इस कानून में संसोधन की मांग कर रहे है। लेकिन कानून मंत्री हेइको मास ने इस मांग को सिरे से नकार दिया।
गौरतलब है कि बीते सोमवार जर्मनी की चांसलर एंजेला मार्केल ने मुद्दे को यह कहकर हवा दे दी कि यह एक विवेक पर आधारित वोट का मसला होना चाहिए। इस बयान के साथ ही उन्होंने अपने पार्टी क्रिश्चियन डेमोक्रेटिक यूनियन ऑफ जर्मनी के सदस्यों को अपने विवेक के आधार पर वोट करने को स्वतंत्र कर दिया।