अंतरराष्ट्रीय
भारत-पुर्तगाल ने द्विपक्षीय संबंधों की मजबूती के लिए किए 11 समझौते
By Deshwani | Publish Date: 25/6/2017 3:19:05 PM लिस्बन, (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पुर्तगाल यात्रा के दौरान नई दिल्ली और लिस्बन ने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी में शोध को बढ़ावा देने के लिए 40 लाख यूरो के संयुक्त कोष की घोषणा की। मोदी ने आतंकवाद से मुकाबला, अंतरिक्ष एवं जलवायु अध्ययन जैसे क्षेत्रों में सहयोग पर अपने पुर्तगाली समकक्ष एंटोनियो कोस्टा से गहन वार्ता की।
11 द्विपक्षीय समझौतों पर दस्तखत के बाद एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में मोदी और कोस्टा ने कहा कि दोनों देशों के रिश्तों में पिछले छह महीने में काफी प्रगति हुई है। बाहरी अंतरिक्ष, दोहरे कराधान से बचाव, नैनो प्रौद्योगिकी, सांस्कृतिक संबंधों में सुधार, युवा एवं खेल, उच्च शिक्षा और वैज्ञानिक अनुसंधान, पुर्तगाल-भारत व्यापार केंद्र एवं इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स में सहयोग जैसे क्षेत्रों में समझौते हुए।