अंतरराष्ट्रीय
फ्रांस के संसदीय चुनाव में मैक्रों को मिला स्पष्ट बहुमत
By Deshwani | Publish Date: 19/6/2017 1:01:57 PM पेरिस, (हि.स.)। फ्रांस के संसदीय चुनावों में मैक्रों की पार्टी को स्पष्ट बहुमत मिल गया है। अब वह अपने सुधार कार्यक्रमों को मूर्त रूप दे पाने में सफल हो सकते हैं। यह जानकारी सोमवार को मीडिया रिपोर्ट से मिली। बीबीसी के अनुसार, फ्रांस के गृह मंत्री ने कहा कि मतों की गिनती लगभग पूरी हो चुकी है और मैक्रों की लॉ रिपब्लिक एन मार्श और सहयोगी डेमोक्रेटिक मूवमेंट पार्टी को तीन सौ से अधिक सीटों पर जीत मिली है। इससे पहले मतगणना से पहले आए रुझानों के अनुसार, मैक्रों की पार्टी को करीब 60 प्रतिशत से अधिक सीटें मिलने की उम्मीद जताई जा रही थी।
विदित हो कि मैक्रों की पार्टी साल भर पहले ही अस्तित्व में आई थी और इसके कई सदस्यों ने पहले किसी सरकारी पद पर काम नहीं किया था। संसदीय चुनावों में बहुमत के साथ जीत से मैक्रों अब अपने सुधारवादी कार्यक्रमों को लागू करने की दिशा में पहल कर सकते हैं। पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष कैथरीन बार्बाडू ने कहा है कि देश के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के पास अब साफ तौर पर नेशनल असेंबली में बहुमत है और इमैनुएल मैक्रों ने लोगों से जो वादा वायदे किए थे उसे वह पूरा सकेंगे।
उधर, दक्षिणपंथी पार्टी फ्रंट नेशनल की नेता मैरीन ली पेन ने देश की संसदीय चुनावों में पहली बार जीत हासिल की है। वह राष्ट्रपति चुनाव में भी उतरी थीं, लेकिन उन्हें मैक्रों के 66.06 फ़ीसदी वोट के मुक़ाबले 33.94 फ़ीसदी वोट हासिल हुए थे। अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए मैरीन ने कहा कि अधिकतर फ्रांसीसी लोग मैक्रों की नीतियों का समर्थन नहीं करते हैं।