अंतरराष्ट्रीय
सोमालिया में बंधक संकट, 9 लोगों की मौत
By Deshwani | Publish Date: 15/6/2017 3:22:55 PM मोगादिशू, (हि.स.)। सोमालिया की राजधानी मोगादिशु के एक रेस्टोरेंट में आतंकियों ने दर्जनों लोगों को बंधक बनाकर फायरिंग की जिसमें नौ लोगों के मारे जाने की खबर है।
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि बंदूकधारी सेना की वर्दी में रेस्टोरेंट में घुस आए। लोगों को बंधक बनाने से पहले आतंकवादियों ने कार में बम लगाकर उड़ा दिया, जिसमें नौ लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। इस हमले की जिम्मेदारी आतंकवादी संगठन अल शबाब ने ली है।
सेना के एक अधिकारी के मुताबिक हमले के शिकार ज्यादातर वे युवा हुए जो उस समय पिज्जा हाउस में जा रहे थे। उसी समय गाड़ी में विस्फोट हुआ। उसके बाद रेस्टोरेंट के अंदर से गोली चलने की आवाज आई। आतंकी संगठन अल शबाब राजधानी मोगादिशू के हाई प्रोफाइल एरिया जैसे होटल्स, मिलिट्री चेकपॉइंट्स और प्रेजिडेंशल पैलेस के करीबी इलाकों को निशाना बनाता रहा है। हाल में निर्वाचित सोमालिया की सरकार ने अल शबाब के खिलाफ सैन्य ऑपरेशन चलाए हैं, जिसका बदला लेने के लिए आतंकी संगठन ने संकल्प किया है। डॉनल्ड ट्रंप द्वारा अल शबाब के खिलाफ हवाई हमलों समेत विस्तृत ऑपरेशन को मंजूरी देने के बाद सोमालिया के अलावा अमेरिका ने भी इसके खिलाफ ऑपरेशन शुरू किए हैं।
अल शबाब अफ्रीका का सबसे खूंखार इस्लामी आतंकवादी संगठन माना जाता है। इसने 2016 में 4,200 से ज्यादा लोगों की हत्या की। आतंकी संगठन अपने ऊपर हो रहे हमले से बौखला गया है।