अंतरराष्ट्रीय
फ्रांस में संसदीय चुनाव के लिए मतदान जारी
By Deshwani | Publish Date: 11/6/2017 4:40:45 PM पेरिस, (हि.स.)। राष्ट्रपति चुनाव संपन्न होने के बाद फ्रांस एक महीने के अंदर एक बार फिर चुनावी रंग में रंग गया है। आज रविवार को प्रथम चक्र के संदीय चुनावों के लिए पूरे देश में मतदान हो रहा है और माना जाता है कि इस चुनाव में मैक्रों की मध्यम मार्गी पार्टी को प्रचंड बहुमत मिलना तय बताया जाता है। यह जानकारी मीडिया रिपोर्ट से मिली।
समाचार एजेंसी एएफपी के अनुसार, देश में सुबह 8 बजे (स्थानीय समय) मतदान शुरू हो गया जो रात के आठ बजे तक जारी रहेगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद एग्जिट पोल जारी किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति के चुनाव में घोर दक्षिण पंथी उम्मीदवार ली पेन को हराने के बाद विगत पांच सप्ताहों में मैक्रों की छवि में काफी सुधार हुआ है। उन्होंने अपने मंत्रिमंडल में वाम पंथी-दक्षिण पंथी पार्टियों की सीमाओं को लांघ कर लोगों को शामिल किया है जिससे अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उनकी प्रतिष्ठा में चार चांद लग गया है। लेकिन उनके सुधार कार्यक्रमों को मूर्त रूप देने के लिए उन्हें नेशनल एसेम्बली में स्पष्ट बहुमत की जरूरत है।
अभी तक के जनमत सर्वेक्षणों के आधार पर तो यही लगता है कि आज (रविवार) को हो रहे मतदान में मैक्रों की पार्टी को 30 प्रतिशत मत मिलेगा और इसके आधार पर अगले रविवार को होने वाले दूसरे चरण के संसदीय चुनाव में उनकी पार्टी को भारी बहुमत मिलने में मदद मिलेगी।