अंतरराष्ट्रीय
भारत-मॉरीशस के बीच संसदीय समझौता
By Deshwani | Publish Date: 11/6/2017 11:53:22 AM पोर्ट/लुई (मॉरिशस), (हि.स.)। भारत और मॉरिशस ने दोनों देशों की संसदों के बीच सहयोग को संस्थागत बनाने के एक समझौते पर शनिवार को हस्ताक्षर किए। लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने दोनों संसदों के बीच सहयोग को संस्थागत रूप देने के लिए मॉरीशस नेशनल असेंबली की स्पीकर शांति बाई हनुमानजी के साथ संस्थागत रूप देने के समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।
लोकसभा सचिवालय के अनुसार मॉरीशस की यात्रा पर गए भारतीय संसद के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रही लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने पोर्ट लुई में मॉरीशस की नेशनल असेंबली की स्पीकर शांति बाई हनुमानजी से मुलाकात की। साथ ही कहा कि भारत की संसद दोनों देशों के बीच संसदीय संबंधों के स्थिर विकास को काफी महत्व देती है। दोनों देशों के बीच संबंध शताब्दियों के सांस्कृतिक, भाषागत, सामाजिक और आध्यात्मिक संपर्कों पर आधारित हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि राजनीतिक और अन्य संबंधों से भी बढ़कर दोनों देशों के बीच साझा बातें और लोगों के बीच गहरे आपसी संबंध हैं, जिसके कारण हमारी मैत्री और भागीदारी मजबूत बनी हुई है।
इस यात्रा के दौरान महाजन ने मॉरीशस की राष्ट्रपति महामहिम बीबी अमीना गुरीब फकीम के साथ भी मुलाकात की।