अंतरराष्ट्रीय
यूके चुनाव: वोटों की गिनती शुरू
By Deshwani | Publish Date: 9/6/2017 1:45:43 PM लंदन, (हि.स.)। ब्रिटेन में हुए आम चुनाव के वोटों की गिनती शुरू हो चुकी है। ब्रिटेन के आम चुनाव के लिए मतदान समाप्त होने के बाद जारी एग्जिट पोल्स में प्रधानमंत्री की सत्ताधारी कंजर्वेटिव पार्टी को जीतते हुए दिखाया गया है।
गुरुवार रात में आए एग्जिट पोल्स में हंग पार्लियामेंट रहने का अनुमान जताया जा रहा है। एग्जिट पोल्स के मुताबिक टरीजा मेज की कंजर्वेटिव पार्टी को 326 सीटें मिल सकती हैं, जो 2015 के आम चुनाव में जीतीं 331 सीट के मुकाबले कम है। विपक्षी नेता जेर्मी कोबिन को पिछले बार के 232 के मुकाबले इस साल 266 सीटें मिलने का अनुमान है।
यूके इंडिपेंडेंस पार्टी (यूकेआईपी) का सूपड़ा साफ होने का अनुमान जताया गया है। एग्जिट पोल्स के मुताबिक यूकेआईपी का एक भी सांसद निर्वाचित नहीं होगा, जबकि स्कॉटिश नेशनल पार्टी (एसएनपी) को 34 सीटें मिल सकती हैं। लिबरल डेमोक्रेट्स को 14 और ग्रीन पार्टी को एक सीट पर संतोष करना पड़ सकता है।
तीन साल में ब्रिटेन के इस चौथे बड़े चुनाव में 4.6 करोड़ लोग मतदान के योग्य हैं। इनमें 15 लाख मतदाता भारतीय मूल के हैं। इससे पहले वर्ष 2014 में स्कॉटलैंड की स्वतंत्रता के लिए जनमत संग्रह हुआ था, वर्ष 2015 में आम चुनाव हुआ था और वर्ष 2016 में ब्रेग्जिट के मुद्दे पर मतदान हुआ था।