अंतरराष्ट्रीय
लंदन के दो हमलावरों के नाम जारी
By Deshwani | Publish Date: 6/6/2017 1:38:12 PMलंदन,(हि.स.)। ब्रिटेन की पुलिस ने लंदन में गत शनिवार को हुए चरमपंथी हमले में शामिल दो लोगों के नाम जारी किए हैं, वहीं इस हमले के सिलसिले में गिरफ्तार सभी 12 लोगों को बिना कोई आरोप लगाए छोड़ दिया गया है। यह जानकारी मंगलवार को मीडिया रिपोर्ट से मिली।
उल्लेखनीय है कि गिरफ्तार लोगों में सात महिलाएं और पांच पुरुष थे। बीबीसी के अनुसार, पुलिस की ओर से जारी पहला नाम ख़ुर्रम बट (27) का है और वह दो बच्चों का पिता है। वह पूर्वी लंदन में विगत कई वर्षों से रह रहा था। दूसरे हमलावर का नाम रशीद रिदवान (30) है।
पुलिस के मुताबिक, इन दोनों ने एक वैन किराए पर ली और लंदन ब्रिज पर लोगों पर चढ़ा दी। बाद में उन्होंने बरो मार्केट इलाके में लोगों पर चाक़ू से हमला किया था। ख़ुर्रम बट के बारे में बताया गया है कि उसका जन्म पाकिस्तान में हुआ था और वह ब्रितानी नागरिक था, जबकि रशीद के बारे में बताया गया है कि उसका संबंध मोरक्को-लीबिया से है।
सहायक कमांडेंट मार्क रॉली का कहना है कि उनके सहयोगियों की पहचान करने के लिए जांच-पड़ताल जारी है। हमले के दौरान इन दोनों लोगों को और एक अन्य व्यक्ति को पुलिस ने पुलिस ने गोली मार दी थी। इस हमले में सात लोग मारे गए थे और 48 अन्य घायल हुए थे।