अंतरराष्ट्रीय
उत्तर कोरिया ने किया एक और मिसाइल परीक्षण
By Deshwani | Publish Date: 29/5/2017 2:44:27 PM सोल, (हि.स.)। उत्तर कोरिया ने एक और बैलेस्टिक मिसाइल का परीक्षण किया है जो तीन सप्ताह में लगातार तीसरा परीक्षण है। यह मिसाइल उत्तर कोरिया की तरफ़ से जापान सागर में गिरी। यह जानकारी सोमवार को दक्षिण कोरियाई सैन्य सूत्रों से मिली।
बीबीसी के अनुसार, दक्षिण कोरिया की सेना ने कहा कि जापान सागार में गिरने से पहले यह मिसाइल उत्तर कोरिया के समुद्री तट से 450 किलोमीटर की दूरी तक हवा में रही। विदित हो कि तमाम अंतरराष्ट्रीय दबाव के बावजूद उत्तर कोरिया मिसाइल परीक्षण कर रहा है और यह इस साल का उसका नौवां परीक्षण है।दो सप्ताह पहले भी उत्तर कोरिया ने मिसाइल परीक्षण किया था। उस मिसाइल परीक्षण के बारे में कहा गया था कि वह अलग तरह की मिसाइल थी जो परमाणु हथियारों को ले जाने में सक्षम है।
जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने हाल ही में जी-7 शिखर सम्मेलन में उत्तर कोरिया के परमाणु कार्यक्रम पर चिंता जताई थी। उन्होंने कहा था कि उत्तर कोरिया को बार-बार उकसावे वाली कार्रवाई से रोकने के लिए जापान अन्य देशों के साथ मिलकर काम करेगा।
हाल ही में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने उत्तर कोरिया को मिसाइल परीक्षण नहीं करने की चेतावनी दी थी। सुरक्षा परिषद ने ज़ोर देकर कहा था कि उत्तर कोरिया तत्काल प्रतिबद्धता दिखाते हुए परमाणु हथियारों से ख़ुद को अलग कर ले।
उधर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी चीन से उत्तर कोरिया के ख़िलाफ़ कड़े प्रतिबंध लगाने का आग्रह किया था। साथ ही उन्होंने उत्तर कोरिया के ख़िलाफ़ सैन्य कार्रवाई से भी इन्कार नहीं किया था।