झारखंड
समय से नहीं मिल रहा है आवेदकों को प्रमाण पत्र
By Deshwani | Publish Date: 14/6/2017 11:24:18 AMगुमला, (हि.स.)। किसी के सामने नामांकन की समस्या है तो किसी को नियोजन के लिए जरूरी है प्रमाण पत्र। पर आवेदकों को इसके लिए अंचल और प्रज्ञा केन्द्र का चक्कर लगाना पड़ रहा है। प्रज्ञा केन्द्र के संचालक आवेदक के आवेदन के इंट्री के बाद अपनी जिम्मेवारी से पल्ला झाड़ रहे है। पल्ला झाड़ना उनके लिए वाजिब भी है। क्योंकि सरकार की व्यवस्था भी कुछ इसी तरह की ऑनलाइन व्यवस्था है।
आवेदक को प्रमाण पत्र का इंट्री कराकर प्रज्ञा केन्द्र द्वारा दिए गए प्राप्ति रसीद के लॉग इन पर जाकर प्रत्येक दिन खुद ऑनलाईन जांच करना है कि प्रमाण पत्र बना की नहीं। पर आवेदक प्रज्ञा केन्द्र के भरोसे ही रहते हैं। प्रज्ञा केन्द्र से प्रमाण पत्र निर्गत कर दिया जायेगा। पर इस तरह व्यवस्था की जानकारी खुलकर ना तो अंचल से ना ही प्रज्ञा केन्द्र से दी जाती है और आवेदक को बेवजह गुमराह किया जाता है कि कर्मचारी के पास फंसा है तो अंचल में फंसा है। ऐसे में आवेदक खासा परेशान है।