गढ़वा
मोबाइल की बैट्री फटने से दो बच्चे गंभीर रूप से घायल
By Deshwani | Publish Date: 19/2/2018 2:19:23 PMमेराल (गढ़वा)। झारखंड में गढ़वा के मेराल थाना क्षेत्र के रेजो गांव में मोबाइल की बैट्री फटने से दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। 11 और 14 वर्ष की उम्र के ये बच्चे पेंसिल बैट्री व मोबाइल की बैट्री को एक तार से जोड़कर बल्ब जलाने का प्रयास कर रहे थे। इसी बीच धमाके के साथ बैट्री फट गई और दोनों घायल हो गए। दोनों बच्चों का इलाज एक स्थानीय निजी अस्पताल में चल रहा है। फिलहाल दोनों खतरे से बाहर हैं।
जानकारी के मुताबिक, बच्चों के पिता अशोक राम ने बताया उनके दोनों बेटे पंकज कुमार और अंकज कुमार अपने घर में लाइट जलाने के लिए पेंसिल बैट्री व मोबाइल की बैट्री को एक तार से जोड़ रहे थे। इसी दौरान मोबाइल की बैट्री गर्म होकर जोरदार धमाके के साथ फट गई। जिससे दोनों बुरी तरह से घायल हो गए। बैट्री फटने की आवाज सुनकर घर के लोग दौड़कर जब वहां पहुंचे तो देखा कि दोनों बच्चे घायल होकर खून से लथपथ पड़े हुए हैं।
परिजन ने पंकज और अंकज को मेराल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। बच्चों का इलाज कर रहे चिकित्सक डॉक्टर दीपक कुमार ने बताया कि पंकज के दाहिने हाथ की दो अंगुलियों के बीच गहरा जख्म हो गया है। साथ ही, चेहरे पर भी काफी चोट आई है। जबकि अंकज के बाएं हाथ के साथ-साथ चेहरे का भी कुछ हिस्सा जल गया है।