मनोरंजन
अब मराठी फिल्म में आवाज देंगे ''भाईजान''
By Deshwani | Publish Date: 17/5/2017 12:46:28 PM मुंबई, (हि.स.)। एक्टर-डायरेक्टर महेश मांजरेकर के निर्देशन में बन रही एक मराठी फिल्म के लिए सलमान खान ने हाल ही में अपनी आवाज में एक गाना गाया है। सलमान ने पहली बार किसी मराठी फिल्म के लिए गाना गाया है रितेश देशमुख द्वारा बनाई गई मराठी फिल्म लयभारी में सलमान ने एक आइटम सांग में हिस्सा लिया था।
बतौर गायक सलमान अपनी कई फिल्मों में गाने का शौक पूरा कर चुके हैं। अपने भाई सोहेल खान के निर्देशन में बनी फिल्म हैलो ब्रदर्स में चांदी की साइकल, सोने का मोर.. में सलमान ने पहली बार गाना गया था। इसके बाद संजय दत्त के साथ उनकी फिल्म चल मेरे भाई के एक गाने में सलमान की आवाज थी। हाल ही में सलमान खान ने जब आदित्य पंचोली के बेटे सूरज पंचोली और सुनील शेट्टी की बेटी आथिया शेट्टी को लॉन्च करने के लिए हीरो फिल्म बनाई थी, तो इस फिल्म के लिए सलमान ने एक प्रमोशनल सांग खुद गाया था, जो हिट रहा था। महेश मांजरेकर को सलमान का करीबी दोस्त माना जाता है। सलमान की फिल्म वांटेड, रेड्डी और बॉडीगार्ड फिल्मों में महेश मांजरेकर ने काम किया है। महेश की इस मराठी फिल्म का नाम फ्रेंडशिप अनलिमिटेड है। सलमान की आवाज में गाना फिल्म के संगीतकार विशाल मिश्रा ने कंपोज किया और कहा जाता है कि सिर्फ 45 मिनट में सलमान ने ये गाना गा दिया। इस गाने को लेकर ये भी जानकारी मिली है कि पुराने दौर के सुपर हिट गाने पंछी बनूं.. को एक नए अंदाज में रिमिक्स किया गया है।