मनोरंजन
अस्पताल में बीते विनोद खन्ना के 18 दिन, अभी तक घर लौटने के संकेत नहीं
By Deshwani | Publish Date: 20/4/2017 3:30:27 PM मुंबई, (हिंस)। सांसद और वरिष्ठ अभिनेता विनोद खन्ना को अस्पताल में भर्ती हुए 18 दिन पूरे हो चुके हैं, लेकिन अभी तक उनके अस्पताल से घर लौटने के कोई संकेत नहीं हैं। जब विगत 31 मार्च की शाम को विनोद खन्ना को मुंबई शहर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, तो उस वक्त बताया गया था कि शरीर में पानी की कमी के कारण उनको अस्पताल लाया गया है।
इस खबर की पुष्टि करने वाले उनके बेटे राहुल खन्ना ने अगले दिन सोशल मीडिया पर कहा था कि उनके पापा तेजी से ठीक हो रहे हैं और जल्दी ही उनको अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी, लेकिन 18 दिन होने के बाद भी उनको छुट्टी मिलने के कोई आसार नहीं नजर आ रहे हैं। इस बीच विनोद खन्ना को कैंसर होने की खबरें भी चर्चा में रहीं, जिसको लेकर अस्पताल या परिवार के सदस्यों ने कुछ नहीं कहा, लेकिन सूत्रों के हवाले से संकेत मिले कि विनोद खन्ना को कैंसर के इलाज के लिए अमेरिका के उसी अस्पताल में ले जाया जाएगा, जहां मनीषा कोईराला और क्रिकेटर युवराज सिंह के कैंसर होने के बाद इलाज हुआ था। ये भी कहा जा रहा था कि विनोद खन्ना का परिवार भी इस बात का इंतजार कर रहा है कि मुंबई का अस्पताल उनको कब डिस्चार्ज कर रहा है।
उनके अस्पताल में भर्ती होने के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक फोटो को लेकर भी विवाद हुआ था, जिसमें विनोद खन्ना बेहद दयनीय अवस्था में नजर आ रहे हैं। डाक्टरों ने परिवार की निजता के आग्रह को आगे रखकर विनोद खन्ना की हालत के बारे में कोई अधिकारिक बयान देने से मना कर दिया। अस्पताल सिर्फ ये कह रहा है कि उनकी हालत में सुधार हो रहा है।