मनोरंजन
रजनीकांत का ऐलान, बनाएंगे अपनी पार्टी
By Deshwani | Publish Date: 31/12/2017 12:29:37 PMचेन्नई। तमिल सुपरस्टार रजनीकांत ने असमंजस की स्थिति को समाप्त करते हुए आज राजनीति में आने का ऐलान करते हुए कहा कि वह खुद की पार्टी का गठन करेंगे। प्रशंसकों की जोरदार तालियों के बीच 67 वर्षीय सुपरस्टार ने कहा, मैं निश्चित रूप से राजनीति में प्रवेश कर रहा हूं। कर्त्तव्य करने और सबकुछ ईश्वर पर छोड़ देने संबंधी भगवद्गीता के एक श्लोक का हवाला देते हुए, सिने अभिनेता ने कहा, यह समय की आवश्यकता है।
छह दिवसीय बैठक के समापन के मौके पर यहां अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए अभिनेता ने कहा कि वह अपनी एक राजनीतिक पार्टी बनायेंगे जो तमिलनाडु की सभी 234 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेंगी। उन्होंने कहा कि पार्टी की शुरूआत विधानसभा चुनाव के मद्देनजर उचित समय पर की जायेगी।
रजनीकांत ने कहा कि पार्टी की नीतियों को आवाम तक ले जाया जायेगा और उनकी पार्टी का नारा सच्चाई, कड़ी मेहनत और विकास होगा। उन्होंने कहा, अच्छा करो, बोलो और केवल अच्छा होगा मार्गदर्शक नारा होगा।