मनोरंजन
जन्मदिन पर रिलीज होगा अनुष्का शेट्टी की नई फिल्म भागमती का पहला लुक
By Deshwani | Publish Date: 6/11/2017 6:25:32 PM मुंबई, (हिंस) । बाहुबली में देवसेना के किरदार को निभाने वाली साउथ की दिग्गज स्टार अनुष्का शेट्टी आगामी 7 नवंबर को अपने जन्मदिन के मौके पर अपनी नई फिल्म भागमती का पहला लुक जारी करेंगी। हाल ही में बाहुबली के हीरो और अनुष्का के काफी करीब माने जाने वाले प्रबास ने अपने जन्मदिन के मौके पर अपनी नई फिल्म साहो का पहला लुक सोशल मीडिया पर जारी किया था।
7 नवंबर को अनुष्का अपना 36वां जन्मदिन मनाएंगी। चर्चा है कि अनुष्का के जन्मदिन के लिए प्रबास ने हैदराबाद में एक खास पार्टी का आयोजन किया है, जिसमें दोनों के करीबी मित्रों को शामिल होने का निमंत्रण भेजा गया है। संभावना है कि बालीवुड से करण जौहर इस आयोजन का हिस्सा बनने के लिए हैदराबाद पंहुचें। अनुष्का की फिल्म भागमती के बारे में कहा जा रहा है कि ये एक थ्रिलर फिल्म है, जिसे तमिल और तेलुगू में एक साथ बनाया गया है और हिंदी में इसे डब करके रिलीज किया जाएगा। इस फिल्म के दिसंबर के अंतिम सप्ताह में रिलीज होने की संभावना है।