मनोरंजन
गोलमाल अगेन का कारोबार 116 करोड़ हुआ
By Deshwani | Publish Date: 25/10/2017 7:41:43 PM मुंबई, (हिंस) । बाक्स आफिस पर गोलमाल अगेन की सफलता का परचम कायम है। रिलीज के पांचवे दिन फिल्म ने 13 करोड़ का कारोबार करके बाक्स आफिस पर अपनी पकड़ और मजबूत कर ली। इस हारर कामेडी ने अब तक 116 करोड़ के आसपास का कारोबार कर लिया है। अभी दो दिन के कलेक्शन बाकी हैं।
कारोबार के जानकारों का अनुमान है कि गुरुवार तक इस फिल्म की कमाई में 20-22 करोड़ का इजाफा हो जाएगा। इस तरह से फिल्म पहले सप्ताह में 140 करोड़ के आसपास पंहुच सकती है। दीवाली के अगले दिन रिलीज हुई गोलमाल सीरिज की इस चौथी फिल्म का बजट लगभग 80 करोड़ बताया गया है। रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में गोलमाल टीम के साथ इस बार परिणीती चोपड़ा, तब्बू और नील नितिन मुकेश जुड़े हैं। गोलमाल टीम ने जल्दी ही इस सीरिज की पांचवी कडी बनाने के संकेत भी दिए हैं।