मनोरंजन
आदित्य पंचोली को 25 लाख रु. की फिरौती के लिए धमकियां
By Deshwani | Publish Date: 22/10/2017 3:33:25 PMमुंबई, (हिंस) । आदित्य पंचोली को 25 लाख रु. देने के लिए धमकियां मिलने का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार, आदित्य पंचोली को 25 लाख रु की फिरौती के लिए धमकी भरे फोन और मैसेज आ रहे थे। आदित्य ने मुंबई के वर्सोवा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करा दी है। पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरु कर दी है। धमकी देने वाले का नाम गणेश पुजारी बताया जाता है। शुरुआती दौर में इस धमकी के पीछे रवि पुजारी गैंग का हाथ होने की आशंका पुलिस सूत्रों ने व्यक्त की है। रवि पुजारी का गैंग समय समय पर बालीवुड की हस्तियों को धमकाता रहता है।
इस गैंग ने महेश भट्ट और उनकी बेटी पूजा को भी फिरौती की रकम और जान से मारने की धमकियां दी थीं। पुलिस ने आदित्य को मिली धमकी का कंगना के साथ उनके विवाद से जोड़ने की संभावना को खारिज किया है। हाल ही में कंगना ने जब आदित्य पंचोली के खिलाफ मीडिया में बयान दिए थे, तो आदित्य पंचोली और उनकी पत्नी जरीना वहाब ने कंगना के खिलाफ पहले कानूनी नोटिस भेजा और हाल ही में कंगना के खिलाफ केस मानहानि का केस दर्ज कराया था। कंगना ने आरोप लगाया था कि आदित्य उनके साथ मारपीट किया करते थे। 90 के दशक में अपने कैरिअर के शुरुआती दौर में कंगना को आदित्य के काफी करीब माना जाता था।