मनोरंजन
गोलमाल अगेन की धमाकेदार शुरुआत
By Deshwani | Publish Date: 21/10/2017 2:20:54 PMमुंबई, (हिंस) । दीवाली पर रिलीज हुई रोहित शेट्टी की फिल्म गोलमाल अगेन ने बाक्स आफिस पर धमाकेदार शुरुआत की है। रिलीज के पहले दिन इस फिल्म ने देश के सिनेमाघरों में 30 करोड़ के आसपास कारोबार किया, जिसे बंपर कहा जा रहा है। गोलमाल सीरिज की इस चौथी फिल्म की ओपनिंग को इस साल की सबसे शानदार ओपनिंग माना जा रहा है।
फिल्मी कारोबार के जानकार मानते हैं कि फिल्म शनिवार और रविवार के बाद 80-90 करोड़ तक के आंकड़े के करीब पंहुचेगी। पहले वीकंड में सौ करोड़ पार करने को लेकर कंफ्यूजन इसलिए है कि आमिर खान की फिल्म सीक्रेट सुपर स्टार को भी काफी थिएटर मिले हैं। रोहित शेट्टी ने इस बार गोलमाल में कामेडी के साथ हारर का तड़का लगाया है, जो पब्लिक को पसंद आया है। बादशाहो के बाद अजय देवगन की ये दूसरी लगातार फिल्म है, जिसने बाक्स आफिस पर धमाल मचाया है। गोलमाल अगेन का बजट 80 करोड़ के आसपास माना जा रहा है। फिल्म को मिली बंपर ओपनिंग के बाद इसे वसूलने में फिल्म को कोई परेशानी नहीं होगी।