मनोरंजन
सिने मजदूरों की हड़ताल से शूटिंग प्रभावित
By Deshwani | Publish Date: 16/8/2017 3:24:36 PMमुंबई, (हि.स.)। मंगलवार से सिने मजदूरों की यूनियनों की हड़ताल का असली रंग बुधवार को देखने को मिला। इस हड़ताल को लेकर फिल्मों और टीवी सीरियलों की शूटिंग बुरी तरह से प्रभावित हुई है।
इस हड़ताल से 100 से ज्यादा फिल्मों और सीरियलों की शूटिंग पर बुरा असर पड़ा है। फिल्म इंडस्ट्री की 22 अलग-अलग यूनियनें इस हड़ताल का हिस्सा हैं। हड़ताल के दूसरे दिन मजदूरों की ओर से सुबह दस बजे गोरेगांव के फिल्मसिटी स्टूडियो के मुख्य गेट पर प्रदर्शन किया और अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की।
इस प्रदर्शन में काफी बड़ी संख्या में सिने कर्मियों ने हिस्सा लिया। वे अपनी मजदूरी में बढ़ोत्तरी के अलावा बीमा करने और उनको नियमित करने की मांग को लेकर हड़ताल कर रहे हैं। हड़ताली कर्मियों से बातचीत करने के लिए फिल्म निर्माताओं की संस्था गिल्ड की ओर से सुलह की कोशिश नाकाम रही।
गिल्ड की याचिका पर मुंबई हाईकोर्ट शुक्रवार को आदेश दे चुका है कि अगर हड़ताली कर्मियों ने किसी को काम पर जाने से रोका, तो उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी। गिल्ड का कहना है कि वे बातचीत के लिए तैयार हैं, लेकिन इसके लिए पहले हड़ताल वापस लेनी होगी।
हड़ताली कर्मियों का कहना है कि मांगे पूरी होने तक वे काम पर नहीं लौटेंगे। इस हड़ताल में फिल्म इंडस्ट्री की अलग अलग यूनियनों से जुड़े 2.50 लाख कर्मचारी हिस्सा ले रहे हैं। हड़ताल की आशंका के मद्देनजर कई निर्माताओं ने अपनी फिल्मों की शूटिंग हैदराबाद और साउथ के अलग-अलग शहरों में शिफ्ट कर दी है।