मनोरंजन
बतौर डायरेक्टर शत्रुघन सिन्हा के बेटे कुश की रक्तदान पर शॉर्ट फिल्म
By Deshwani | Publish Date: 8/8/2017 4:18:53 PMमुंबई, (हि.स.)। शत्रुघन सिन्हा के जुड़वां बेटों में से एक कुश सिन्हा अब निर्देशन के मैदान में कदम रखने जा रहे हैं। जानकारी मिली है कि कुश सिन्हा की बतौर निर्देशक पहली शॉर्ट फिल्म 'खून में है' बनकर तैयार हो चुकी है। रक्तदान जैसे सामाजिक मुद्दे पर बनी इस शॉर्ट फिल्म में साउथ की बड़ी हीरोइन काजल अग्रवाल (सिंघम फेम) और अपरशक्ति खुराना (आयुष्मान खुराना के भाई) ने काम किया है।
अपरशक्ति आमिर खान की फिल्म 'दंगल' में उनके भतीजे के रोल में काफी चर्चित रहे हैं। हाल ही में मुंबई में इस शॉर्ट फिल्म को लॉन्च करने के लिए एक समारोह आयोजित किया गया। इस समारोह में न तो कुश के पापा शत्रुघन सिन्हा नजर आए, न उनकी बहन सोनाक्षी पहुंची। बताया गया कि संसद के सत्र के चलते शत्रुघन सिन्हा दिल्ली में हैं और सोनाक्षी सिन्हा अमेरिका में अपनी नई फिल्म की शूटिंग कर रही हैं। कुश के जुड़वां भाई लव बतौर एक्टर अपनी तकदीर आजमा रहे हैं। लव सिन्हा ने सन 2010 में बनी फिल्म 'सदियां' में मुख्य भूमिका निभाई थी। राजकंवर के निर्देशन में बनी 'सदियां' में रेखा और हेमा मालिनी भी थी, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर ये फिल्म बुरी तरह से फ्लॉप रही थी। अब वे निर्माता-निर्देशक जेपी दत्ता की नई फिल्म 'पलटन' में भी काम कर रहे हैं।