मनोरंजन
ब्लू व्हेल गेम को लेकर बॉलीवुड भी चिंतित
By Deshwani | Publish Date: 3/8/2017 1:58:48 PMमुंबई, (हि.स.)। इंटरनेट के खूनी खेल ब्लू व्हेल को लेकर देश भर में आक्रोश है। संसद में भी ये मामला गूंजा है। बॉलीवुड के सितारों ने भी इस खेल को लेकर अपनी चिंता जताई है। मुंबई के एक 14 साल के बच्चे ने इस खेल में शामिल होकर आत्महत्या कर ली, जिसके बाद से ये मामला देश भर में गूंज रहा है।
इस खेल को लेकर सदी के महानायक अमिताभ बच्चन से लेकर आमिर खान और बाकी सितारों ने भी चिंता जताई है। अमिताभ बच्चन ने सोशल मीडिया पर इस खेल को लेकर लिखा कि जिंदगी जीने के लिए होती है। कोई इसे खत्म करने के लिए कैसे खेल सकता है।
आमिर खान ने बुधवार को अपनी नई फिल्म 'सीक्रेट सुपरस्टार' के ट्रेलर लॉन्च के मौके पर मीडिया द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि ये खतरनाक खेल है, जिससे हमारे बच्चों को दूर रखने की जरूरत है। उन्होंने सरकार से भी इस खेल पर बैन लगाने की अपील की। आमिर के अलावा दिया मिर्जा, फरहान अख्तर, फराह खान, अभिषेक बच्चन, नेहा शर्मा सहित अन्य सितारों ने इस खेल पर पूरी तरह से बैन लगाने की मांग की और बच्चों को इससे दूर रहने की सलाह दी।