मनोरंजन
भजनों के शो के जज होंगे बाबा रामदेव व सोनाक्षी सिन्हा
By Deshwani | Publish Date: 2/8/2017 2:46:58 PMमुंबई, (हि.स.)। कुछ दिनों पहले खबर आई थी कि अजय देवगन की प्रोडक्शन कंपनी में बाबा रामदेव की जिंदगी पर एक सीरियल बनाने की योजना पर काम हो रहा है। बाबा रामदेव को लेकर एक और खबर मिल रही है, जिसमें वे पहली बार किसी शो में बतौर जज बने नजर आएंगे।
जानकारी मिली है कि लाइफ ओके चैनल पर एक नया सिंगिंग शो शुरू होने जा रहा है, जिसमें बाबा रामदेव महागुरु की भूमिका में होंगे। इस शो में जजों के तौर पर सोनाक्षी सिन्हा और संगीतकार-गायक शेखर (संगीतकार जोड़ी विशाल-शेखर) के अलावा गायिका कनिका कपूर होंगे।
आमिर खान की फिल्म 'दंगल' में उनके भतीजे का रोल निभाने वाले एक्टर अपारशक्ति खुराना (आयुष्मान खुराना के भाई) इस शो के होस्ट होंगे। भारतीय टेलीविजन पर पहली बार भजनों की गायिकी को लेकर कोई शो बनाया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, इस शो का नाम 'ओंम शांति ओम' होगा। इसी नाम से 2007 में शाहरुख खान की डबल रोल वाली फराह खान निर्देशित फिल्म बनी थी। इस शो में देश भर से 20 प्रतियोगी भजन गायिकी का हुनर पेश करेंगे। अभी तक ये साफ नहीं है कि ये शो कब से टेलिकास्ट होगा।