मनोरंजन
आलिया की फिल्म राजी अगले साल मई में होगी रिलीज
By Deshwani | Publish Date: 2/8/2017 11:33:12 AMमुंबई, (हि.स.)। करण जौहर के प्रोडक्शन में बन रही मेघना गुलजार की फिल्म राजी की रिलीज डेट तय हो गई है। ये फिल्म आगामी 11 मई को रिलीज होगी। इस फिल्म में आलिया भट्ट मुख्य किरदार निभा रही हैं।
इरफान के साथ आरुषि हत्याकांड पर बनी फिल्म तलवार बना चुकी मेघना गुलजार पहली बार करण जौहर की कंपनी के साथ जुड़ी हैं। ये फिल्म कश्मीर पर बन रही है, जिसमें आलिया कश्मीरी युवती का किरदार कर रही हैं, जिनकी शादी एक सेना के अधिकारी से हो जाती है। आलिया के साथ इस फिल्म में विकी कौशल की जोड़ी है।
ये फिल्म लेखक हरिंदर सिक्का के उपन्यास पर आधारित है। फिल्म का पहला शेड्यूल मुंबई के एक स्टूडियो में किया जा रहा है, जहां कश्मीर का सेट डिजाइन किया गया है। इस फिल्म का अगला शेड्यूल कश्मीर में होगा। आलिया की इस साल वरुण धवन के साथ आई फिल्म बद्रीनाथ की दुल्हनियां बाक्स आफिस पर हिट रही है।
आलिया को लेकर चर्चा ये भी है कि संजय दत्त की फिल्म सड़क की सिक्वल में वे काम करेंगी, जिसमें संजय भी मेहमान भूमिका में नजर आएंगे। इस फिल्म के अलावा जोया अख्तर द्वारा निर्देशन में बन रही फिल्म में आलिया की जोड़ी पहली बार रणबीर सिंह के साथ नजर आएंगी।