मनोरंजन
दिवंगत अभिनेता इंद्र कुमार के परिवार से मिलने जाएंगे सलमान
By Deshwani | Publish Date: 29/7/2017 6:26:32 PMमुंबई, (हि.स.)। सलमान खान रविवार की शाम को दिवंगत कलाकार इंद्र कुमार के परिवार से मिलने जाएंगे। सलमान खान के साथ कई फिल्मो में काम कर चुके 43 साल के अभिनेता इंद्र कुमार का शुक्रवार को मुंबई में उनके घर पर दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। इंद्र कुमार को सलमान खान के करीब माना जाता था। सलमान खान के साथ जुड़े सूत्रों के अनुसार, सलमान मोरक्को से लौट रहे हैं, जहां उनकी फिल्म टाइगर जिंदा है की शूटिंग चल रही है।
सूत्रों का कहना है कि सलमान का रविवार को मुंबई लौटने का कार्यक्रम पहले से ही तय था। वे दो दिन के लिए मुंबई आ रहे हैं, जिस दौरान उनको बिग बॉस के 11वें सीजन के लिए प्रोमो की शूटिंग करनी है। ये शूटिंग बांद्रा में सलमान के घर के करीब महबूब स्टूडियो में होगी। शूटिंग के बाद सलमान सीधे इंद्र कुमार के घर शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने पहुेंचेंगे।
सलमान के साथ इंद्र कुमार ने 'तुमको भूल न पाएंगे', 'कहीं प्यार न हो जाए' और वॉन्टेड फिल्मों में काम किया था। सलमान के पिता सलीम खान ने इंद्र कुमार के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि वे परिवार की तरह थे और उनका घर आना जाना लगा रहता था। सलीम ने कहा कि वे कभी सोच नहीं सकते थे कि इतनी सी उम्र में इंद्र कुमार दुनिया छोड़ देंगे।