मनोरंजन
नासा से लौटे सुशांत सिंह राजपूत
By Deshwani | Publish Date: 29/7/2017 6:24:30 PMमुंबई, (हि.स.)। अमेरिकी अंतरिक्ष केंद्र नासा में एक सप्ताह से ज्यादा की ट्रेनिंग के बाद सुशांत सिंह राजपूत मुंबई लौट आए हैं। सुशांत सिंह वहां अपनी नई शुरू होने जा रही फिल्म 'चंदा मामा दूर के' की ट्रेनिंग के लिए गए थे। इस फिल्म में वे पहली बार अंतरिक्ष यात्री का रोल कर रहे हैं। मुंबई लौटकर सुशांत सिंह ने इस अनुभव को शानदार बताया और कहा कि इस यात्रा से उनको बहुत कुछ सीखने के लिए मिला, जो उनको अपनी फिल्म के किरदार के लिए बहुत मददगार साबित होगी।
संजय पूर्ण सिंह चौहान के निर्देशन में बनने जा रही इस फिल्म के लिए कहा जा रहा है कि अक्टूबर से अमेरिका में इस फिल्म का पहला शेड्यूल होना है। अभी तक सुशांत सिंह के साथ इस फिल्म में नवाजुद्दीन सिद्दीकी और आर माधवन की कास्टिंग हुई है, लेकिन सुशांत की हीरोइन के नाम पर सस्पेंस बना हुआ है।
संभावना इस बात की है कि इस बार भी सुशांत की जोड़ी कीर्ति सैनॉन के साथ होगी, जो उनकी सबसे करीबी दोस्त मानी जाती हैं। हाल ही में इन दोनों की जोड़ी वाली फिल्म 'राब्ता' रिलीज हुई थी, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर ये फिल्म नाकाम साबित हुई थी। इस फिल्म को अगले साल दीवाली के आसपास रिलीज करने की योजना है।