मनोरंजन
कपिल के शो पर कुमार विश्वास की टिप्पणियों से बवाल
By Deshwani | Publish Date: 5/7/2017 4:02:44 PM
मुंबई, (हि.स.)। कपिल शर्मा का कॉमेडी शो एक बार फिर मीडिया की सुर्खियों में है। इस शो में मेहमान बनकर आए कवि और आम आदमी पार्टी के विवादित नेता डॉ. कुमार विश्वास की महिलाओं को लेकर एक टिप्पणी से विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ा कि दिल्ली में कुमार विश्वास के खिलाफ पुलिस में एफआईआर भी दर्ज हो गई।
चुनाव प्रचार का जिक्र करते हुए कुमार विश्वास ने महिलाओं के लिए सामान शब्द का प्रयोग किया, जिसको लेकर विवाद हुआ। कपिल शर्मा ने इस पूरे मामले पर टिप्पणी करने से मना कर दिया है। इस एपीसोड में कुमार विश्वास के साथ राहत इंदौरी और शायरा शबीना अदीब ने भी हिस्सा लिया था।
एक दूसरी खबर के अनुसार, कपिल शर्मा के पुराने साथी रहे चंदन प्रभाकर शो में लौट आए हैं। इस शो में चंदू चायवाले का किरदार निभाते आ रहे चंदन प्रभाकर ने उस वक्त शो छोड़ दिया था, जब एक हवाई यात्रा के दौरान कपिल शर्मा ने कथित तौर पर नशे की हालत में चंदन और सुनील ग्रोवर से बदसलूकी की थी।
सुनील ग्रोवर ने शो में वापसी की संभावनाओं से मना किया है और माना जा रहा है कि कृष्णा अभिषेक के साथ वे सोनी चैनल पर ही नया कामेडी शो ला रहे हैं। इस बीच भारती सिंह की कॉमेडी भी इस शो का हिस्सा बनने जा रही है। वे पहली बार इस शो का हिस्सा बनी हैं।