मनोरंजन
नच बलिए का खिताब दिव्यांका-विवेक ने जीता
By Deshwani | Publish Date: 26/6/2017 6:48:14 PMमुंबई, (हि.स.)। टेलीविजन की स्टार हीरोइन दिव्यांका त्रिपाठी और उनके पति विवेक दहिया ने छोटे पर्दे के म्यूजिकल डांसिंग शो नच बलिए के आठवें सीजन का खिताब जीत लिया है। मशहूर जोड़ियों के डांस के इस शो के फाइनल में दिव्यांका और विवेक का मुकाबला मोहित-सानाया तथा सनम-अबीगेली की जोड़ियों के साथ था।
इस भव्य फाइनल में शो के जज टैरेंस लुईस, सोनाक्षी सिन्हा और निर्देशक मोहित सूरी की तिकड़ी के अलावा मेहमान जजों के तौर पर अनिल कपूर और अर्जुन कपूर भी शामिल हुए। इसमें मोहित और सनाया की जोड़ी उपविजेता रही, जबकि सनम और अबीगेली की जोड़ी को तीसरे नम्बर से संतोष करना पड़ा। 13 एपिसोड तक चलने वाले इस डांसिंग मुकाबले में दिव्यांका और विवेक को पहले से ही खिताब का ताकतवर दावेदार माना जा रहा था।
जजों और दर्शकों का दिल जीतकर ये जोड़ी फाइनल में खिताब अपने नाम करने में सफल रही। खिताबी जीत के बाद अपनी पहली प्रतिक्रिया में दिव्यांका और विवेक की जोड़ी ने कहा कि हम दोनों के लिए नचबलिए का सफर पहले दिन से यादगार रहा और इस ट्रॉफी ने हमारी मेहनत को सफल बना दिया। उनका कहना था कि वे इस शो में खुद के डांस को एंज्वाय करने के लिए आए थे, लेकिन मेहनत में उन्होंने कोई कमी नहीं रखी। दोनों ने इस जीत के लिए एक-दूसरे को ज्यादा क्रेडिट दिया।