मनोरंजन
नेपाल में होगा ''अनारकली ऑफ आरा'' का विशेष शो
By Deshwani | Publish Date: 20/6/2017 3:23:34 PM मुंबई, (हि.स.)। स्वरा भास्कर की बहुचर्चित फिल्म 'अनारकली ऑफ आरा' को नेपाल की राजधानी काठमांडू में होने वाले एक आयोजन में विशेष स्क्रीनिंग के लिए चुना गया है। साउथ एशिया वूमैन फंड द्वारा काठमांडू में किए जा रहे समारोह में इस फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग होगी। खुद स्वरा भास्कर इस मौके पर मौजूद रहेंगी। ये स्क्रीनिंग आगामी 15 जुलाई को होगी। स्वरा ने इस समारोह में शामिल होने के लिए अपनी सहमति दे दी है।
स्वरा भास्कर ने इस आयोजन में अपनी फिल्म की स्क्रीनिंग पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे अपने लिए गौरव माना है और कहा है कि मैं सम्मानित महसूस कर रही हूं कि इतने बड़े मौके के लिए हमारी फिल्म का चयन किया गया है। इस आयोजन में भारत और नेपाल सहित दक्षिण एशिया के देशों के कई महिला प्रतिनिधिमंडल हिस्सा लेने वाले हैं। पाकिस्तान, बंग्लादेश, अफगानिस्तान, मालद्वीव और श्रीलंका से महिलाओं के प्रतिनिधि मंडल इस तीन दिवसीय आयोजन में हिस्सा लेंगे। इसमें पहले ही दिन स्वरा की फिल्म का शो होगा। बिहार के आरा जिले के एक गांव में नाच-गाकर अपना और छोटी बहन की परवरिश करने वाली एक महिला के संघर्ष और आत्मसम्मान की कहानी पर बनी इस फिल्म में स्वरा के दमदार अभिनय की चौतरफा तारीफ हुई थी।