मनोरंजन
मधुर भंडारकर को अमेरिका में मिला भारत गौरव सम्मान
By Deshwani | Publish Date: 10/6/2017 3:10:54 PM मुंबई, (हि.स.)। निर्माता-निर्देशक मधुर भंडारकर को शुक्रवार न्यूयार्क के यूएन मुख्यालय में 'भारत गौरव सम्मान' से सम्मानित किया गया। अपनी आने वाली फिल्म इंदु सरकार के रिलीज की तैयारियों में व्यस्त होने के बाद भी मधुर भंडारकर सम्मान को ग्रहण करने अमेरिका पहुंचे।
अमेरिका में बसे अप्रवासी भारतीयों के संगठन की ओर से ये सम्मान अलग-अलग क्षेत्रों में अपूर्व योगदान के लिए दिया जाता है। मधुर भंडारकर को ये सम्मान हिंदी सिनेमा में उनके योगदान के लिए दिया गया। समाजिक मुद्दों पर महिला प्रधान फिल्में बनाते आए मधुर भंडारकर को भारत सरकार पद्मश्री से भी सम्मानित कर चुकी है।
28 जुलाई को रिलीज होने जा रही मधुर की फिल्म इंदु सरकार 1975 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा आपातकाल की घोषणा के बाद की स्थितियों पर बनी है। फिल्म की मुख्य भूमिकाओं में पिंक फेम अभिनेत्री कीर्ति खुल्लर, नील नितिन मुकेश और अनुपम खेर हैं। 28 जुलाई को इस फिल्म का मुकाबला अनिल कपूर और अर्जुन कपूर की 'मुबारकां' से होगा। अंडरवर्ल्ड डान दाऊद की बहन हसीना की जिंदगी पर बनी फिल्म 'हसीना' भी इसी दिन रिलीज होने जा रही है, जिसमें श्रद्धा कपूर ने हसीना का किरदार निभाया है।