मनोरंजन
''मुन्ना माइकल'' में फराह, अमीषा, चित्रांगदा की मेहमान भूमिकाएं
By Deshwani | Publish Date: 10/6/2017 12:10:16 PMमुंबई, (हि.स.)। 21 जुलाई को रिलीज होने जा रही टाइगर श्रॉफ की फिल्म 'मुन्ना माइकल' में अमीषा पटेल और चित्रांगदा सिंह के अलावा कोरियोग्राफर-डायरेक्टर फराह खान मेहमान भूमिकाओं में नजर आएंगी। इनके अलावा गायक शान भी इस फिल्म में पर्दे पर मेहमान भूमिका में नजर आएंगे।
इन सभी की मेहमान भूमिकाओं के बारे में फिल्म की टीम ने कोई विवरण नहीं दिया है, लेकिन माना जा रहा है कि फराह खान और शान पर्दे पर अपने अपने रोल में होंगे, जबकि अमीषा और चित्रांगदा सिंह की भूमिका के बारे में कोई खबर नहीं है। अमीषा पटेल और चित्रांगदा सिंह एक लम्बे अरसे बाद पर्दे पर नजर आएंगी। इरोज द्वारा बनाई गई इस फिल्म में टाइगर श्रॉफ विश्व प्रसिद्ध पॉप सिंगर माइकल जैक्सन को ट्रिब्यूट पेश करेंगे। फिल्म में उनका किरदार मुन्ना मुंबई का एक सामान्य युवक है, जो संगीत का दीवाना है और माइकल जैक्सन को अपना आदर्श मानता है। शब्बीर खान फिल्म के निर्देशक हैं और निधि अग्रवाल को इस फिल्म में टाइगर की हीरोइन के तौर पर लॉन्च किया जा रहा है, जो बेंगलुरु की मॉडल हैं।