मनोरंजन
सनी लियोनी व उनके पति पर धोखाधड़ी का केस
By Deshwani | Publish Date: 7/6/2017 5:17:15 PMमुंबई, (हि.स.)। सनी लियोनी और उनके पति डेनियल वेबर के खिलाफ एक फिल्म निर्माता ने मुंबई के अंधेरी में वर्सोवा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराया है। इसमें उन दोनों पर धोखाधड़ी और आर्थिक नुकसान पंहुचाने का आरोप लगा है।
दो साल पहले दिनेश तिवारी नाम के निर्माता ने सनी लियोनी को अपनी एक फिल्म में हीरोइन के रोल के लिए प्रस्ताव किया था। निर्माता का कहना है कि सनी लियोनी के कहने पर उनके पति डेनियल वेबर को इस फिल्म का हीरो बनाया गया और तय हुआ कि सनी लियोनी इस फिल्म में एक आइटम सांग करेंगी। निर्माता के अनुसार, डेनियल के साथ फिल्म का पहला 15 दिन का शेड्यूल भी पूरा हो गया लेकिन अगले शेड्यूल के लिए डेनियल ने तारीखें देने से मना कर दिया, जबकि उनको इस फिल्म के लिए 15 लाख रुपये का भुगतान किया गया था। निर्माता का आरोप है कि सनी लियोनी भी फिल्म में गाना करने के अपने वादे से मुकर गईं, जिसके चलते उनको आर्थिक रूप से नुकसान हुआ।
निर्माता के मुताबिक, तमाम कोशिशों के बाद भी जब सनी लियोनी और डेनियल उनकी फिल्म के साथ सहयोग करने को तैयार नहीं हुए, तो दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया। दूसरी ओर, इस विवाद को लेकर डेनियल का कहना है कि सनी ने इस फिल्म का हिस्सा बनने का वादा नहीं किया था। उनका कहना था कि निर्माताओं के आपसी विवाद और तकनीशियनों को पेमेंट न मिलने से पहला शेड्यूल पूरा नहीं हुआ और फिल्म आगे नहीं बढ़ी। डेनियल का ये भी कहना है कि उन्होंने कभी भी फिल्म की शूटिंग के लिए तारीखें देने से मना नहीं किया। वर्सोवा पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने मामले की जांच करके आगे कार्रवाई करने की बात कही है।