मनोरंजन
पर्दे पर मनमोहन सिंह बनेंगे अनुपम खेर
By Deshwani | Publish Date: 6/6/2017 3:23:38 PMमुंबई, (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी के प्रबल समर्थक माने जाने वाले अभिनेता अनुपम खेर जल्दी ही सिनेमा के पर्दे पर भूतपूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के अवतार में नजर आएंगे।
फिल्म में अनुपम खेर को डॉ. मनमोहन सिंह का रोल निभाने के लिए चयनित किया गया है। मनमोहन सिंह के मीडिया सलाहकार रहे संजय बारु द्वारा लिखी गई विवादित किताब पर फिल्म बनने जा रही है, जिसमें मनमोहन सिंह का रोल अनुपम खेर करेंगे। अपनी सरकारी नौकरी से रिटायरटमेंट के बाद संजय बारु ने द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर: द मेकिंग एंड अनमेकिंग ऑफ मनमोहन सिंह नाम से एक किताब लिखी थी। इस किताब में बारु ने मनमोहन सिंह पर तीखे वार करते हुए प्रधानमंत्री के तौर पर उनकी कार्यशैली पर सवाल किए गए। अब इस किताब को आधार बनाकर फिल्म बनाने की योजना बनाई गई है, जिसमें हंसल मेहता को इस फिल्म की स्क्रिप्ट लिखने का जिम्मा सौंपा गया है।
निर्देशन की कमान विजय रत्नाकर गट्टे संभालेंगे तथा फिल्म का निर्माण सुनील बोहरा करने वाले हैं। फिल्म की शूटिंग इसी साल शुरू होगी और अगले साल दिसंबर में इसे रिलीज करने की योजना है।