मनोरंजन
आनंद कुमार पर बनने वाली फिल्म में होंगे ऋतिक
By Deshwani | Publish Date: 6/6/2017 3:18:39 PMमुंबई, (हि.स.)। कंगना को लेकर क्वीन बनाने वाले निर्देशक विकास बहल की नई फिल्म में ऋतिक रोशन प्रमुख भूमिका के लिए चुने गए हैं। ये फिल्म बिहार के आनंद कुमार की उपलब्धियों पर बनाई जा रही है। आर्थिक रूप से तंगी से गुजर रहे आनंद कुमार ने आईआईटी के लिए 30 बच्चों को तैयार करने का ऐसा काम किया था, जिसके लिए उनकी देश और दुनिया में तारीफ हुई थी। दिलचस्प बात ये थी कि इन सभी 30 बच्चों को आईआईटी में 100 प्रतिश्त कामयाबी मिली थी।
विकास बहल की प्रस्तावित फिल्म में आनंद कुमार के रोल को ऋतिक रोशन करेंगे। मिली जानकारी के अनुसार, इस फिल्म का अस्थायी टाइटल 'सुपर-30' रखा गया है। क्वीन के बाद विकास बहल की पिछली रिलीज फिल्म शानदार बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह से फ्लॉप साबित हुई थी। विकास बहल कुछ दिनों पहले अपनी प्रोडक्शन कंपनी की एक महिला कर्मचारी द्वारा यौन शोषण के आरोपों को लेकर भी विवादों में आए थे। कंपनी की महिला कर्मचारी ने आरोप लगाया था कि गोवा यात्रा के दौरान विकास बहल ने उनके साथ बदतमीजी की थी। महिला ने पुलिस में रिपोर्ट की थी और विकास बहल ने सारे आरोपों को खारिज कर दिया था।