मनोरंजन
कांस फिल्म फेस्टिवल में लॉन्च हुआ फिल्म ''मंटो'' का पोस्टर
By Deshwani | Publish Date: 24/5/2017 4:22:41 PMमुंबई, (हि.स.)। कांस फिल्म फेस्टिवल के सातवें दिन वहां दुनिया के मशहूर लेखक सदाअत हसन मंटों की जिंदगी पर बनी फिल्म 'मंटो' की चर्चा रही। अभिनेत्री नंदिता दास के निर्देशन में बनी इस फिल्म पहला पोस्टर भी लॉन्च किया गया।
इस फिल्म में 'मंटो' के किरदार को नवाजुद्दीन सिद्दिकी ने निभाया है। अभिनेत्री रसिका दुग्गल इस फिल्म में मंटो की पत्नी सैफिया का किरदार निभा रही हैं। इन दोनों के अलावा फिल्म में ताहिर राज भसीन, पंजाबी गायक गुरदास मान, रणवीर शौरी, स्वरा भास्कर, परेश रावल, विनोद नागपाल और दिवंगत ओमपुरी भी नजर आएंगे। फिल्म की एक और अहम भूमिका ऋषि कपूर निभा रहे हैं।
अपने दौर के सबसे बोल्ड लेखक माने जाने वाले सदाअत हसन मंटो ने उस वक्त समाज में फैली कुरितियों के खिलाफ अपनी कहानियों को लिखा, जिससे उनको बागी माना गया। फिल्म की शूटिंग शुरू हो चुकी है और इस साल के अंत तक फिल्म के रिलीज होने की उम्मीद है। इसी बीच कांस से एक और खबर मिली है कि इसमें तीन दिन तक अपनी खूबसूरती के जलवे बिखेरने वाली सोनम कपूर मंगलवार रात मुंबई लौट आईं। सोनम कपूर ने आठवीं बार कांस फिल्म फेस्टिवल में हिस्सा लिया। सोनम के अलावा कांस में ऐश्वर्या राय, दीपिका पादुकोण और श्रुति हासन जैसी सुंदरियों ने भी शिरकत की।