मनोरंजन
नाराज गायक सोनू निगम ने छोड़ा ट्विटर
By Deshwani | Publish Date: 24/5/2017 2:49:17 PM मुंबई, (हि.स.)। गायक सोनू निगम ने बुधवार सुबह एक बार फिर धमाका करते हुए ट्विटर एकाउंट बंद कर दिया। अपना एकाउंट बंद करने से पहले सोनू निगम ने 24 अलग-अलग पोस्ट किए, जिनमें उन्होंने ट्विटर छोड़ने की वजहें गिनाईं।
मुख्य रूप से सोनू निगम ने ये फैसला गायक अभिजीत भट्टाचार्य कार शाम को ट्विटर एकाउंट बंद होने की प्रतिक्रिया में किया। महिलाओं के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने वाले अभिजीत का एकाउंट मंगलवार शाम को सस्पेंड कर दिया गया था। सोनू निगम ने अपनी 24 पोस्ट में अभिजीत का एकाउंट सस्पेंस करने के फैसले पर क्षोभ जताया और इसे अन्याय कहा।
सोनू निगम ने अभिजीत को लेकर कहा कि उनकी भाषा से एतराज हो सकता है, लेकिन एकाउंट सस्पेंड करने का फैसला अतार्किक है। सोनू निगम ने कहा कि ट्विटर पर माहौल लगातार खराब होता जा रहा है, जिसके चलते उनका यहां रहना संभव नहीं। उन्होंने मीडिया से लेकर राष्ट्र विरोधी ताकतों का समर्थन करने वालों को भी लताड़ लगाई। साथ ही सोनू निगम ने अपनी उस घटना को भी याद किया, जिसमें उन्होंने सुबह सवेरे मस्जिद से होने वाली अजान में लाउडस्पीकर के इस्तेमाल का मुद्दा उठाया था।
सोनू निगम का कहना है कि उनके मुद्दे उठाने को लेकर सांप्रदायिक रंग दे दिया गया और उनको मुस्लिम विरोधी साबित करने की कोशिश हुई, जबकि वे सभी धर्मों का सम्मान करते आए हैं। सोनू निगम ने कहा कि ट्विटर पर सब लोग गुस्से में होते हैं और यहां किसी टॉपिक को लेकर स्वस्थ बहस की गुंजाइश नहीं है, इसलिए उन्होंने ट्विटर छोड़ने का फैसला किया है।