ब्रेकिंग न्यूज़
मोतिहारी निवासी तीन लाख के इनामी राहुल को दिल्ली स्पेशल ब्रांच की पुलिस ने मुठभेड़ करके दबोचापूर्व केन्द्रीय कृषि कल्याणमंत्री राधामोहन सिंह का बीजेपी से पूर्वी चम्पारण से टिकट कंफर्मपूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री सांसद राधामोहन सिंह विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगेभारत की राष्ट्रपति, मॉरीशस में; राष्ट्रपति रूपुन और प्रधानमंत्री जुगनाथ से मुलाकात कीकोयला सेक्टर में 2030 तक नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता को 9 गीगावॉट से अधिक तक बढ़ाने का लक्ष्य तय कियाझारखंड को आज तीसरी वंदे भारत ट्रेन की मिली सौगातदेश की संस्कृति का प्रसार करने वाले सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर को प्रधामंत्री ने संर्जक पुरस्कार से सम्मानित किया'दंगल' फेम सुहानी भटनागर की प्रेयर मीट में पहुंचीं बबीता फोगाट
झारखंड
झारखण्ड की गरीबी दूर करके ही दम लूंगा: रघुवर दास
By Deshwani | Publish Date: 23/2/2017 7:45:59 PM
झारखण्ड की गरीबी दूर करके ही दम लूंगा: रघुवर दास

  दुमका। महाशिवरात्रि की पूर्व संध्या पर दुमका, पलामू तथा हजारीबाग में लगभग 1000 करोड़ रुपये की लागत से तीन चिकित्सा संस्थानों का शिलान्यास हो रहा है। सरकार चाहती है कि संथाल परगना में विकास की बयार बहे। यह बातें मुख्यमंत्री रघुवर दास ने गुरुवार को जिले में मेडिकल कॉलेज के शिलान्यास कार्यक्रम में कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि संताल परगना की समस्याओं से वे पूरी तरह अवगत हैं। उन्होंने कहा कि चिकित्सा के क्षेत्र में बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए राज्य चिकित्सकों की कमी की समस्या से जूझ रहा था। अबतक राज्य में प्रतिवर्ष 350 छात्र-छात्राएं चिकित्सा शिक्षा ग्रहण करते थे। वहीं अब 650 चिकित्सक हमें प्रतिवर्ष मिलेंगे।

 मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि कुछ ही दिनों में बोकारो, कोडरमा तथा चाईबासा में 3 और चिकित्सा संस्थान की स्थापना हो जाने से राज्य में चिकित्सकों की समस्या हमेशा के लिए समाप्त हो जायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि देवघर में एम्स की स्थापना तथा दुमका मेडिकल काॅलेज की स्थापना के बाद संताल परगना के लगभग 65 लाख लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिलेगी। 10 हजार से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से रोजगार मिलेगा। दुमका और दिग्घी के आसपास टाउनशिप का विकास होगा। दास ने कहा कि अनुसूचित जाति एवं जनजाति के गरीब मेधावी बच्चों के लिए 50 करोड़ रुपये तथा अन्य किसी भी जाति समुदाय के मेधावी छात्र छात्राओं के लिए 10 करोड़ रुपये की गारंटर सीड मनी सरकार उपलब्ध करायेगी ताकि, बैंक उन्हें आसानी से ऋण उपलब्ध करा सके। रघुवर दास ने कहा कि पिछले 70 सालों से गरीब और आदिवासी के नाम पर राजनीति का शिकार होते हुए झारखण्ड विकास की बाट जोह रहा था। समयबद्ध योजनाओं को पूरा करके केन्द्र के साथ बेहतर समन्वय बनाते हुए झारखण्ड को विकसित राज्य बनाना हमारी सरकार का लक्ष्य है।
 राजनीति जनता से शुरू होती है और जनता ही अंतिम निर्णायक होती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसा विकास कार्य करना चाहता हूं कि सन् 2019 में जनता की आंख से आंख मिलाकर मैं वोट मांग सकूं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मोमेंटम झारखण्ड ने झारखण्ड की बेहतरीन तस्वीर विश्व के सामने रखी है। आत्म विश्वास से लबरेज झारखण्ड दीर्घस्थायी विकास की ओर अग्रसर है। झारखण्ड के उद्योगों के विकास के लिए लाह, पलाश, सिल्क और डेयरी के क्षेत्रों में चार अलग अलग मुख्यमंत्री उद्यमी बोर्ड की स्थापना होगी। ये सभी बोर्ड पूर्णतः व्यापारिक और प्रोफेशनल होंगे तथा मुख्यमंत्री इसके अध्यक्ष होंगे। मोमेंटम झारखण्ड की सफलता ने रोजगार के नये अवसर खोले हैं। विदेश, देश और राज्य के लगभग 11 हजार निवेशक झारखण्ड में खाद्य प्रसंस्करण, खनन, कागज निर्माण, टेक्सटाईल, जूता निर्माण आदि के क्षेत्र में निवेश करने के लिए बेहद उत्सुक है। संताल परगना में भी लघु एवं मध्यम उद्योगों की स्थापना की जायेगी। इससे न केवल बेरोजगारी दूर होगी बल्कि रोजगार के लिए होने वाले पलायन पर भी रोक लगेगी। झारखण्ड अगले 8 से 10 सालों में न केवल भारत बल्कि दुनिया का समृद्धतम राज्य बनेगा। दास ने कहा कि झारखण्ड को अपने सखी मंडल पर नाज है। इनके कार्यों को देखते हुए सरकार ने उद्यमी सखी मंडल की स्थपना का निर्णय लिया है।
 प्रत्येक गांव की समन्वयक 15 महिलाओं को समूह में जोड़ेगी। प्रत्येक उद्यमी सखी मंडल को तीन माह का प्रशिक्षण दिया जायेगा। प्रशिक्षण प्राप्त महिला समूह झारखण्ड के उत्पाद का उपयोग कर जैसे लाह आदि की चूड़ियां स्वयं निर्माण कर अन्य राज्यों को बेच सकेगी। सरकार टेन्डर के माध्यम से कम्बल आदि खरीदने के बजाय महिला सखी मंडलों से कम्बल, चादर, तौलिया इत्यादि खरीदे जायेगे। सरकार महिला सखी मंडलों को प्रशिक्षण भी देगी। मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य करनेवाले संवेदक शपूरजी पलनजी एन्ड कम्पनी ने दो वर्षों में निर्माण कार्य पूरा करने का वादा किया है फिर भी झारखण्ड के हित में मुझे भरोसा है कि पूरी गुणवत्ता के साथ वे 18 महीने के अन्दर इस निर्माण को पूरा करेंगे। जो असामाजिक तत्व इसके निर्माण में बाधक होगा या बाधा उत्पन्न करेगा, उससे तीनों जिलों के डीसी और एसपी कड़ाई से निपटेंगे। उन्होंने कहा कि झारखण्ड की सहिया को बकाये मानदेय का भुगतान एक सप्ताह के भीतर किया जायेगा। विभाग में इसके लिए यदि पैसा नहीं है तो झारखण्ड कन्टीजेन्सी फंड से लोन लेकर एक सप्ताह के भीतर भुगतान किया जायेगा। साथ ही स्वास्थ्य विभाग में काम करने वाली सहिया एएनएम आदि को नियुक्ति में प्राथमिकता दी जायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सहिया का कार्य नौकरी नही सेवा है। अतः जनसेवा के लिए दूसरों की मुस्कुराहट के लिए तथा गरीबों के आंसू पोंछने के लिए हमें समर्पित होकर काम करना चाहिये। समारोह में केन्द्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री जयंत सिन्हा ने कहा कि दुमका से 6 माह के भीतर रांची के लिए हवाई यात्रा शुरू होगी। उन्होंने कहा कि अपने बाल्य काल का तीन वर्ष दुमका डीसी आवास में गुजारा है। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के प्रति भी वे आभारी हैं जिन्होंने दुमका, हजारीबाग तथा पलामू के लोगों के लिए मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति दी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रघुवर दास के दृढ़ इच्छाशक्ति का भी यह परिणाम है। दुमका में मेडिकल काॅलेज की स्थापना को ऐतिहासिक बताते हुए झारखण्ड की समाज कल्याण मंत्री डा लुईस मरांडी ने इसके लिए मुख्यमंत्री के प्रतिबद्ध प्रयासों की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री से यह मांग की कि मोमेंटम झारखण्ड के बाद निवेश के आये प्रस्तावों के मद्देनजर दुमका में सिल्क और खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में लघु, मध्यम एवं वृहत उद्योगों की स्थापना की जाय। उन्होंने रोजगार के अवसर बढ़ाने और विकास के लिए खुद को समर्पित करने की बात भी कही। उन्होंने केन्द्रीय राज्य मंत्री से दुमका से हवाई यात्रा शुरू करने का भी अनुरोध किया। वहीं स्वास्थ्य मंत्री रामचंन्द्र चंद्रवंशी ने कहा कि राज्य में जल्द ही 650 छात्र प्रतिवर्ष डॉक्टर बनेंगे तथा संताल परगना में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा। वहीं अपर मुख्य सचिव सह वित्त आयुक्त अमित खरे ने कहा कि संताल परगना अपने विकास की ओर अग्रसर है। देवघर में एम्स तथा संस्कृति विश्वविद्यालय, गोड्डा में कृषि विश्वविद्यालय तथा साहेबगंज में कृषि महाविद्यालय की स्थापना होगी। चिकित्सकों की कमी नये मेडिकल काॅलेज से ही दूर हो सकेगी। कार्यक्रम में अपने सम्बोधन में अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य सुधीर त्रिपाठी ने करते हुए कहा कि देवघर में एम्स, दुमका में मेडिकल काॅलेज, हंसडिहा और महागामा में 100 बेड के अस्पताल खोले जाने से साधन विहीन ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिलेगी। कार्यक्रम में धन्यवाद ज्ञापन संताल परगना प्रमंडल के आयुक्त दिनेश चन्द्र मिश्र ने किया। मुख्यमंत्री तथा सभी विशिष्ट अतिथियों ने दीप प्रज्जवलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। वैदिक मत्रोच्चार के बीच दुमका मेडिकल कॉलेज की आधारशिला रखी गई। समारोह स्थल पर आने से पूर्व दुमका के सिदो कान्हू मुर्मू विवि परिसर में अमर शहीद सिदो कान्हू की प्रतिमा पर मुख्यमंत्री तथा सभी विषिष्ट अतिथियों ने माल्यार्पण किया। विश्वविद्यालय परिसर में मुख्यमंत्री का स्वागत सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय के कुलपति तथा उनके सहयोगियों ने किया। इससे पूर्व दुमका हवाई अड्डा पर गार्ड फ ऑनर के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया। इस अवसर पर प्रमंडलीय प्रशासन एवं जिला प्रशासन के आलाधिकारी, कुलपति प्रतिकुलपति सहित विश्वविद्यालय परिवार, नगर पर्षद की अध्यक्ष सहित नगर के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में छात्र एवं स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे। 
image
COPYRIGHT @ 2016 DESHWANI. ALL RIGHT RESERVED.DESIGN & DEVELOPED BY: 4C PLUS