झारखंड
पर्यावरण दिवस पर संगोष्ठी
By Deshwani | Publish Date: 5/6/2017 3:53:48 PMदुमका,(हि.स.)। सिदो-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय के विकास में मैं अपना हर संभव सहयोग दूंगा। यह भरोसा विश्व पर्यावरण दिवस पर दिग्घी परिसर में सोमवार को आयोजित संगोष्ठी कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि जामताड़ा विधायक डॉ इरफान अंसारी ने दिलाया। उन्होंने वर्तमान कुलपति डॉ मनोरंजन प्रसाद सिन्हा के नेतृत्व में संताल परगना में शैक्षणिक स्तर में सुधार का भरोसा जताया। साथ ही छात्रों के लिए पठन-पाठन के लिए वर्ग कक्ष एवं सुविधाओं के अभाव पर चिंता जाहिर करते हुए भवन निर्माण में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। वही कुलपति डॉ सिन्हा ने कहा कि समाज नहीं व्यक्ति सोचता है। व्यक्ति की सोच से ही समाज बदल सकता है। विकास की दौड़ में हम पर्यावरण को संरक्षित करना भूल रहे हैं। पर्यावरण संरक्षण को हम ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को जागरूक करें। मौके पर नगर पर्षद अध्यक्षा अमिता रक्षित ने कहा कि एक दिन पर्यावरण दिवस मनाने से काम नहीं चलेगा। पर्यावरण दिवस प्रतिदिन मनाने से ही संरक्षण संभव हो सकता है। कार्यक्रम में मंच संचालन डॉ पी पी सिंह, स्वागत भाषण डॉ प्रमोदिनी हांसदा एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ विनोद कुमार झा ने किया।