बिहार
बिहार के दरभंगा में सड़क दुर्घटना में दो की मौत, सात घायल
By Deshwani | Publish Date: 5/5/2017 12:59:51 PMपटना/दरभंगा, (हि.स.)। बिहार में दरभंगा जिले के जाले प्रखंड अन्तर्गत गुरुवार देर रात अनियंत्रित वाहन की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गयी, जबकि सात लोग घायल हो गये।
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि अतरबेल-जाले मार्ग पर रतनपुर खोरही पाकर गांव के निकट देर रात एक अनियंत्रित वाहन ने नौ लोगों को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में लड्डू सदा की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि सात अन्य घायल हो गये। घायलों में से चार लोगों को गंभीर स्थिति में दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (डीएमसीएच) में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान रामराजी सदा की भी मौत हो गयी।
चार घायलों को उपचार के लिए जाले रेफरल अस्पाल में कराया गया है। उन्होंने बताया कि मृतक और घायल सभी लोग दलित समुदाय के थे जो बलुआही के निकट भुइंया बाबा की पूजा कर लौट रहे थे। दुर्घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। जाले से भाजपा विधायक जीवेश कुमार मिश्रा की सूचना पर पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
विधायक कुमार ने आरोप लगाया कि श्याम चौक सनहपुर के निकट एक पुलिस की गाड़ी खड़ी थी, लेकिन घायलों को ले जाने के लिए पुलिसकर्मी तैयार नहीं हुए। पुलिसकर्मियों का कहना था की यह मामला उनके थाना क्षेत्र का नहीं है। उन्होंने कहा कि यह मामला पुलिस की संवेदनहीनता को दर्शाता है।