दरभंगा
चोटी काटने की अफवाह को लेकर बिहार के अलीनगर क्षेत्र के लाेग हलकान
By Deshwani | Publish Date: 10/8/2017 3:47:12 PMदरभंगा, (हि.स.)। बिहार केे दरभंगा जिले के अलीनगर थानाक्षेत्र अंतर्गत दो अलग-अलग जगहों से चोटी काटने का मामला प्रकाश में आया है। इस घटना के बाद नरमा पंचायत के नवरपट्टी चौक के निकट स्थित मुसहर टोली में बुधवार की रात के करीबन 9:30 बजे अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब लोगों को मालूम हुआ कि एक महिला बाल काटने के लिए दूसरे महिला के पीछे-पीछे दौड़ रही है। जैसे ही इस बात की भनक पुरुषों को लगी तो उन्होंने उक्त महिला को घेरने का प्रयास किया और अंततः उन्होंने उसे पकड़ लिया। इसके बाद मुसहर टोली के लोगों द्वारा पंचायत के उप-सरपंच मिथिलेश कुमार सिंह को इसकी जानकारी दी गई।
सरपंच मिथिलेश कुमार सिंह घटनास्थल से उस महिला को साथ लेकर सीधे संबंधित पंचायत की मुखिया अनुराधा सिंह के घर पहुंचे जहां लोगों की भीड़ को अनियंत्रित होते देख उप सरपंच मिथिलेश कुमार सिंह ने अलीनगर थाना के प्रभारी संजय कुमार सिंह को इसकी सूचना दी। सूचना पर पहुंची अलीनगर थाना पुलिस ने महिला को हिरासत में लिया और उससे पूछताछ कर रही है।
इस बाबत थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि महिला की दिमागी हालत ठीक नहीं है। उसका नाम रेवनी देवी है और वह पंडौल थानाक्षेत्र के विट्ठो गांव निवासी सतन मंडल की पत्नी है।
वहीं, बाल काटने का दूसरा मामला अलीनगर थानाक्षेत्र के ही मिल्की टोला में भी सामने आया। गांव की सोतीलाल यादव की पत्नी गेना देवी बताती है कि उसे एक व्यक्ति कुत्ते की शक्ल में दिखा जिसके बाद वह बेहोश हो गयी। होश में आने के बाद महिला ने देखा कि उसके सिर के बाल आगे से कटे हुए थे। महिला के परिजनों ने बताया कि इतना बताने के बाद वह महिला फिर से बेहोश हो गयी। इसके बाद आनन-फानन में उसे अलीनगर पीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर केसी राज ने बताया कि अब उक्त महिला की स्थिति अब सामान्य है। अलीनगर थाना प्रभारी का कहना है कि चोटी काटने के मामलों की जांच की जा रही है। अधिकतर मामलों में लोग डरे हुए हैं और अफवाहों से सहमें हुए है।