छपरा
पर्यावरण सुरक्षा को लेकर फेस ऑफ फ्यूचर इंडिया की नई मुहिम
By Deshwani | Publish Date: 22/1/2018 5:50:02 PMछपरा (हि.स.)। पर्यावरण की सुरक्षा के लिए सामाजिक संगठन फेस ऑफ फ्यूचर इंडिया ने युवाओं को उनके जन्मदिन पर पौधारोपण करने के लिए प्रेरित किया है। इस मुहिम की खासियत यह है कि जो जितने वर्ष के होने पर जन्मदिन मनाता है, उतने पौधे लगाये जाते हैं । इस मुहिम में 200 से अधिक युवाओं की भागीदारी हो गई है। साथ ही महीने में 20 दिन यह आयोजन हो रहा है।
फेस ऑफ फ्यूचर इंडिया की मुहिम को आगे बढ़ाते हुए मांझी प्रखण्ड के महमदपुर गांव में रविवार को विकास उपाध्याय द्वारा अपने 19वें जन्मदिन पर 19 छायादार और फलदार पौधे लगाए गए। इस अवसर पर 'पर्यावरण बचाओ, देश बचाओ' के नारे की सार्थकता से युवाओं को अवगत कराया गया। इसके साथ ही विकास को बधाई देने वालों का ताता लग गया। मांझी भाग-एक के जिला परिषद सदस्य पद के प्रत्याशी राकेश कुमार सिंह ने युवाओं के इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि इससे हमारे समाज में एक बदलाव आएगा। महमदपुर पंचायत के मुखिया सत्येन्द्र उपाध्याय और शैलेन्द्र उपाध्याय ने विकास को बधाई दी और ऐसे समाजिक काम के लिए उसको सराहा।
इस मौके पर विनोद, अभय, आकाश, अरबिंद, मुना उपध्याय ने विकास को आशीर्वाद दिया। अंत में विकास ने मनीष कुमार आदि को बधाई देते हुए कहा कि मनीष और उनकी टीम फेस ऑफ फ्यूचर इंडिया जिस तरीके से समाज को जागृत कर रही है वो बहुत ही सराहनीय है। हमे मनीष से ही ऐसे काम के लिए प्रेरणा मिली। इस मुहिम की शुरुआत एक वर्ष पहले एनएसएस के स्वयं सेवक मंटू कुमार ने की थी।