बिहार
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर हुई महिला की इज्जत तार-तार
By Deshwani | Publish Date: 9/3/2017 5:15:17 PM छपरा/सारण । शहर में जब अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर नारी सशक्तिकरण और नारी सम्मान को बढ़ावा देने के लिए कई आयोजन चल रहे थे, उसी समय बुधवार को देर रात करीब 9 बजे एक महिला के साथ होमगार्ड के जवान ने छेड़खानी कर डाला जिसे नागरिकों ने पकड़ लिया और जमकर धुनाई की फिर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना भगवान बाजार थाना क्षेत्र के बजरंग नगर वृंदावन कालोनी के पास की है। बताया जाता है कि मिर्चईया टोला मुहल्ले की शादीशुदा महिला जाहनवी सिंह बाजार से घर जा रही थी जिसे होमगार्ड के जवान सोनू कुमार ने पकड़ लिया और छेड़छाड़ करने लगा। महिला के विरोध करने पर उसके गले से सोने का चेन भी छीनने की कोशिश की।
महिला के शोर मचाने पर होमगार्ड के जवान सोनू कुमार ने भागने का प्रयास किया लेकिन भागने के दौरान उसकी स्कुटी पलट गयी जिसे आस पास के लोगों ने पकड़ लिया और जमकर धुनाई की। इसी बीच महिला ने मोबाइल पर काल करके परिजनों और रिशतेदारों को घटना की सूचना दी। बाद में वहां पहुंचे महिला के परिजनों और रिशतेदारों ने होमगार्ड के जवान को भीड़ से छुड़ाकर पुलिस को सौंप दिया। महिला के पति ने इसकी लिखित शिकायत थाने में की है। पुलिस ने होमगार्ड के जवान सोनू कुमार को हिरासत में ले लिया है और प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पकड़ा गया होमगार्ड के जवान शहर के दहियावां मुहल्ले का रहने वाला है।