बिहार
पति को शराब पीने से रोका तो गला रेत मार डाला
By Deshwani | Publish Date: 3/2/2017 4:27:51 PMछपरा। देशवाणी न्यूज नेटवर्क।
बिहार के छपरा बनियापुर थाना क्षेत्र के हरपुर गांव में शराब के नशे में धुत्त पति ने गुरुवार रात पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी। सुबह होने से पहले ही पति घर छोड़कर फरार हो गया। पत्नी का कसूर बस इतना था कि वह बार-बार पति को शराब पीने से रोकती थी। इधर हत्या की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया। महिला को तीन बच्चे हैं, जो अब मां की ममता से वंचित हो गए।
जानकारी के अनुसार 35 वर्षीय मनोज कुमार सिंह की शादी 2009 में कराह रामकोला गांव के स्व. गणेश सिंह की बेटी प्रियंका कुमारी के साथ हुई थी। मनोज के शराबी होने के कारण पति और पत्नी में बराबर विवाद होता था। गुरुवार रात मनोज शराब के नशे में धुत्त होकर घर पहुंचा। इसके बाद पति-पत्नी में विवाद हो गया। शराब पीने से रोकने पर वह भड़क गया। उसने पत्नी के मुंह में कपड़ा डाल दिया और गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। सुबह होने पर 5 साल की बेटी ब्यूटी ने घर में मां का शव देखा तो चिल्लाने लगी। उसकी आवाज सुन आसपास के लोग जुटे और पुलिस को सूचना दी। इधर छपरा एसपी पंकज कुमार राज ने कहा कि हत्यारोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। हर जगह छापेमारी की जा रही है।